अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के गोविंदचक स्थित शगुन जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम वार्षिक आमसभा 28 सितंबर को आयोजित की गयी। शुभारंभ निदेशक मंडल और पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजित आमसभा में समिति की पिछले वर्ष की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और आगामी कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जीविका के अधिकारियों ने महिलाओं को महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन, आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही समूहों के व्यवसाय की वर्तमान स्थिति, आ रही समस्याओं और भविष्य में आवश्यक सहयोग पर फीडबैक लिया गया।
जानकारी देते हुए शगुन सीएलएफ के एसी संदीप कुमार ने बताया कि सीएलएफ से जुड़े आठ पंचायतों में बेहतर कार्य करने वाली कुल 15 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसमें 8 सीएम, एक बुक कीपर, एक सीएनआरपी, एक एमबीके और एक सीएफ सहित अन्य कैडर शामिल हैं।
आमसभा के दौरान सीएम, बुक कीपर और अन्य कैडरों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
उनकी प्रमुख मांगों में सभी जीविका कैडरों को विभाग की ओर से आईडी कार्ड, ड्रेस, मोबाइल और रिचार्ज की सुविधा देने, स्वास्थ्य कार्ड, बीमा, अनुभव के आधार पर पदोन्नति और 60 वर्ष तक कार्य करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कार्य के दौरान अनावश्यक दबाव पर रोक लगाने, बैंक ऋण अदायगी के बाद बैंकों द्वारा समय पर एनओसी देने, गृह उद्योग को बढ़ावा और महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए सरकारी स्तर पर बाजार उपलब्ध कराया जाने की मांग शामिल है।अधिकारियों ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए इसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षण प्रतिवेदन के आधार पर समिति की वित्तीय स्थिति की जानकारी दी गई और शुद्ध लाभ को आगामी वर्ष में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, प्रशिक्षण और सामुदायिक विकास कार्यों में उपयोग करने पर सहमति बनी। इस अवसर पर आईबीसीबी प्रबंधक मुकेश कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी माया यादव, कम्युनिटी फाइनेंस प्रबंधक विजय लक्ष्मी कुमारी, अध्यक्ष सविता देवी, सचिव रीमा देवी, सीसी राकेश, सौरभ, अर्चना कुमारी सहित संकुल संघ के कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।
![]()













Leave a Reply