Advertisement

कसमार के बगदा में राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवा उत्सव का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत भवन में युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आयोजित युवा उत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं में स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करते हुए नेतृत्व क्षमता का विकास, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें तो समाज और देश में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सहयोगिनी की समन्वयक कुमारी किरण ने कहा कि उनकी संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य यथा बाल विवाह, नशा मुक्ति, बाल हिंसा, युवा नेतृत्व, अशिक्षा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध युवाओं को एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प को दोहराया। साथ ही इन सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन तथा महिला हिंसा की रोकथाम में युवाओं की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की। उन्होने युवाओं एवं किशोरियों से शिक्षा, नेतृत्व विकास और सामाजिक बदलाव के लिए संगठित होकर कार्य करने की अपील की।

इस अवसर पर उपस्थित दर्जनों किशोरियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। मौके पर संस्था की एनिमेटर संगीता देवी, बिनीता देवी, रेखा देवी, डोली कुमारी, श्वेता कुमारी, हनी, सोनिका, पार्वती, नेहा, होलिका, रजनी, आरती, रानी, पूजा कुमारी, कोमल कुमारी, पिंकी कुमारी, सुधा कुमारी, न्यासा कुमारी, पायल कुमारी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं किशोरियाँ उपस्थित रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *