Advertisement

वैशाली जिले में वज्रपात से दो युवक सहित दो भैंस की मौत

प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। पूरे वैशाली जिले में 16 जुलाई को मानसून की पहली झमाझम बरसात गर्जन के साथ हुई। इस दौरान दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच करीब 32 मिली मीटर वर्षा वैशाली जिले में रिकॉर्ड की गई।

मानसून के इस बरसात से किसानों के चेहरे खिल गए और धन रोपनी का कार्य किसानों ने शुरू कर दिया। वही आज वैशाली जिले में दो स्थानों पर वर्षा के दौरान वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) से दो युवकों के मरने और अन्य के झुलसने की खबर है।

जानकारी के अनुसार वैशाली जिला के हद में राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में क्रिकेट खेलते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की जान चली गई। इस घटना में चार अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए।

मिली जानकारी के अनुसार चांदपुरा गांव में दो टीम के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था। ग्राउंड में दोनों टीम के युवक क्रिकेट मैच खेल रहे थे। इस दौरान अचानक तेज बारिश और बिजली गर्जन शुरू हो गई। मैच खेल रहे सभी युवक इधर-उधर झोपड़ी और घर के तरफ भागने लगे। कुछ  युवा समीप के एक झोपड़ी में छिप गए। झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिरने से चार युवक झुलस गये, जबकि दो युवक की पटना ले जाने के दौरान मौत हो गई। झुलसे चार युवक का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।

बताया जाता है कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चांदपुरा पंचायत के श्रीरामपुर रहिवासी रुसलाल राय के 18 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार एवं चांदपुरा रहिवासी नारायण राय के 20 वर्षीय पुत्र विजय कुमार की मौत हो गई। इस घटना से मृत युवकों के परिवार में कोहराम मच गया।

दूसरी घटना जिला के हद में सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के मजरोही उर्फ सहरिया में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से स्थानीय एक किसान के दो भैंस की मौत हो गई। दोनों भैंस के मरने के बाद गरीब किसान परिवार के पुरुष और महिला फूट फूट कर रोते दिखे। पशुपालक परिवार पशुपालन पर ही आश्रित थे।

वज्रपात से हुई दोनो भैंस की मृत्यु से उक्त किसान को लाखों रुपए की पूंजी चली गई और उसके जीने का सहारा चला गया। जिससे पशुपालक के परिवार का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। रहिवासियों ने आपदा प्रबंधन से प्रभावित किसान को मुआवजा देने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *