Advertisement

गंगा की बाढ़ में डूबे राघोपुर के निचले इलाके, आमजन और मवेशियों को परेशानी

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। गंगा नदी के जल स्तर में लगातार वृद्धि के कारण वैशाली जिला के हद में राघोपुर प्रखंड का निचला इलाका पूरा जलमग्न हो गया है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी यहां के पशु पालक किसानों को हो रही है।

जानकारी के अनुसार राघोपुर के निचले इलाके में गंगा के जल स्तर में बढ़ोत्तरी होने के बाद प्रभावित इलाके के किसान अपने मवेशियों को लेकर ऊंचे स्थानों पर चले गये हैं, लेकिन इसके बाद मवेशियों के चारे की किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या है।

बताया जाता है कि 20 जुलाई को वैशाली के जिला पदाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह द्वारा गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर राघोपुर दियारा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में दियारा क्षेत्र के चकसिंगार, वीरपुर, करारी, बरारी आदि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों व महिलाओ के साथ उनकी समस्याओ को सुना व संबंधित पदाधिकारियो को शीध्र समस्याओ के निराकरण के लिए आदेशित किया।

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि अब तक पहली बार बाढ के इस कठिन समय में जिलाधिकारी का भ्रमण व निरीक्षण इस क्षेत्र में हुआ है। गंगा नदी के जल स्तर में हो रही वृद्धि से राघोपुर प्रखंड के रहिवासी काफी चिंतित हैं। प्रखंड के कई पंचायतों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरकर तेजी से फैल रहा है। यहां के रूस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन जाने वाली सड़क, शिव नगर बिंदा मार्केट से विश्राम ओला जाने वाली सड़क एवं जुड़ावनपुर से चक सिंगार गांव जाने वाली मार्ग सहित कई सड़क पर बाढ़ का पानी भरने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। हाई स्कूल चक सिंगार एवं प्राइमरी स्कूल रामबरन सिंह के टोला में पानी भर जाने के कारण स्कूल बंद कर दिया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *