Advertisement

सीएम से मंत्री ने की धार्मिक स्थल खुलवाने की मांग

एस.पी.सक्सेना/रांची (झारखंड)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) से 7 सितंबर को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मंत्री बादल पत्रलेख ने मुलाकात की।

मंत्री ने मुख्यमंत्री को निवेदन पत्र देकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर, बासुकीनाथ मंदिर, रजरप्पा, ईटखोरी, पहाड़ी मंदिर सहित राज्यभर में स्थित दर्जनों बंद मंदिर को पूजा-अर्चना के लिए खुलवाने का अनुरोध किया।

सीएम को सौंपे गए निवेदन पत्र में मंत्री पत्रलेख ने कहा है कि कोरोना महामारी की वजह से पूरा विश्व सहित हमारा राज्य भी प्रभावित रहा है। संक्रमण के इस दौर में मंदिरों को सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से बंद रखा गया है।

अब श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना हेतु बंद मंदिरों को खोलने का अनुरोध किया जा रहा है। मंदिरों से बहुत सारे लोगों के रोजी-रोजगार भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने पत्र में कहा है कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण का प्रकोप घटा हुआ है।

अतः भक्तों की श्रद्धा को देखते हुए एवं मंदिरों पर आश्रित लोगों के परिवारजनों की आर्थिक समस्या के मद्देनजर बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर, बासुकीनाथ मंदिर, रजरप्पा मंदिर, ईटखोरी, पहाड़ी मंदिर सहित राज्यभर में स्थित दर्जनों बंद मंदिरों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूजा-अर्चना के लिए खुलवाने पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए।

मुख्यमंत्री सोरेन ने इस संबंध में यथोचित निर्णय लेने का आश्वासन मंत्री पत्रलेख को दिया। मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री आलमगीर आलम, विधायक उमाशंकर अकेला, इरफान अंसारी, राजेश कच्छप, ममता देवी आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *