Advertisement

एकल अभियान संघ द्वारा खैराचतर में स्वामी विवेकानंद जयंती का आयोजन

जयंती समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचतर गांव में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को एकल अभियान संघ द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए, जबकि बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी विशेष रूप से शामिल रहीं।

जानकारी के अनुसार जयंती समारोह आयोजन के दौरान स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के ओजस्वी विचार आज भी युवाओं के लिए पथ-प्रदर्शक हैं। उन्होंने आत्मनिर्भरता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वही सशक्त और आत्म विश्वासी भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने एकल अभियान संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक चेतना का संचार होता है और राष्ट्रभक्ति की भावना सुदृढ़ होती है। साथ ही उन्होंने युवाओं से विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील की।

जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार समाज को एकजुट करने और युवाओं में नैतिक बल व आत्मविश्वास भरने का कार्य करते हैं। एकल अभियान संघ द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं, जो गांव-गांव तक शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा का संदेश पहुंचा रहे हैं।

कार्यक्रम में एकल अभियान संघ के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, युवा एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हो गया। मौके पर पंकज जयसवाल, तुलसीदास जायसवाल, रामसेवक जायसवाल, राजेश राय आदि शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *