Advertisement

विद्यालयों के समीप चलाया गया ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर विशेष अभियान

नाबालिग चालकों से जब्त वाहन व् ₹50,600/- जुर्माना वसूली

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध 16 जुलाई को बोकारो जिला प्रशासन ने एक विशेष अभियान चलाया। जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर यह अभियान बोकारो के चिन्मया विद्यालय, अयप्पा स्कूल और जीजीपीएस स्कूल (सेक्टर-5) के आस-पास संचालित किया गया।

विशेष अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी चास (सदर) प्रांजल ढांडा एवं पुलिस उपाधीक्षक यातायात विद्याशंकर ने किया। अभियान में थाना प्रभारी (यातायात) पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार उक्त अभियान के दौरान कुल 9 दोपहिया वाहनों को नाबालिग चालकों द्वारा चलाते पकड़ा गया, जिन्हें जप्त कर यातायात थाना परिसर में सुरक्षा हेतु रखा गया है। इन सभी मामलों में अभियोजन प्रतिवेदन तैयार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।

इसके अलावा, जांच के दौरान स्कूल वैन और टेम्पो में क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंसकर बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा के अभाव और काले शीशे लगे वाहनों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। इस क्रम में कुल 20 वाहनों से ₹50,600/- का जुर्माना वसूला गया।

मौके पर जिला प्रशासन द्वारा कहा गया कि विद्यालयों के आसपास सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया यह अभियान न केवल सख्ती, बल्कि जन-जागरूकता की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। आम नागरिकों से यातायात नियमों के पालन और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *