Advertisement

अमृत भारत योजना में सोनपुर स्टेशन हो रहा है आदर्श, यात्री अनुकूल के रूप में विकसित

तेज़ी से प्रगति पर सोनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विकास कार्य

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के सोनपुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य स्टेशन के समग्र स्वरूप का आधुनिकीकरण करते हुए यात्री सुविधा, सुगम आवागमन एवं सौंदर्यीकरण को ऊंचाइयों पर ले जाना है।

ज्ञात हो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत लगभग ₹7.73 करोड़ की लागत से सोनपुर रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, नया एट्रियम भवन, उन्नत प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, प्रतीक्षा गृह, सर्कुलेटिंग एरिया का उन्नयन, नवीन पार्किंग क्षेत्र तथा मौजूदा भवन का फसाड सुधार किया जा रहा है। इन कार्यों में लगभग 50 प्रतिशत भौतिक प्रगति की जा चुकी है। साथ ही लैंड स्केपिंग एवं पेंटिंग कार्य भी निरंतर प्रगति पर है।

इसके अतिरिक्त यहां 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के निर्माण एवं उससे संबद्ध कार्यों हेतु लगभग ₹14 करोड़ की परियोजना स्वीकृत है। इस कार्य में लिफ्ट, सीढ़ियाँ एवं रैंप की सुविधा शामिल है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा। यहां एफओबी निर्माण में फाउंडेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य योजनानुसार आगे बढ़ रहा है।

यात्री सुविधाओं का व्यापक उन्नयन वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत लगभग ₹2.68 करोड़ की लागत से यात्री सुविधाओं का समग्र उन्नयन किया जा रहा है, जिसमें द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय का नवीनीकरण, शौचालयों का आधुनिकीकरण, डबल हैंडरेल रैंप, ओपन एयर वेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म पर फर्नीचर, कार्यालयों एवं प्रतीक्षालय के लिए आधुनिक फर्नीचर तथा विद्युत कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के लिए अभियंत्रण स्तर पर आवश्यक स्वीकृतियाँ प्राप्त हो चुकी हैं एवं कार्य प्रगति पर है।

भविष्य के लिए सोनपुर स्टेशन पर प्रस्तावित कार्य, यात्रियों को मिलेगा आधुनिक अनुभव

बताया जाता है कि सोनपुर रेलवे स्टेशन पर भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगभग ₹19.98 करोड़ की लागत से द्वितीय प्रवेश भवन, द्वितीय प्रवेश कैनोपी, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया एवं विद्युत कार्य प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर क्षतिग्रस्त एसी शीट एवं कोटा स्टोन तथा प्लेटफॉर्म नंबर 4 एवं 5 की मरम्मत हेतु ₹1.45 करोड़ की अतिरिक्त परियोजना प्रस्तावित है। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत सोनपुर स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर प्रवेश-निकास सुविधा, आकर्षक एवं स्वच्छ परिसर, सुगम आवागमन, उन्नत प्रतीक्षालय, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था एवं विश्वस्तरीय यात्री अनुभव प्राप्त होगा।

सोनपुर रेल मंडल के अनुसार पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक रेल सेवाएँ प्रदान करने के लिए सतत प्रयासरत है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सोनपुर स्टेशन को एक आदर्श, आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *