Advertisement

हटिया को ले विवाद गहराया, दुकानदारों ने विधायक से की 5 दिन हटिया लगाने की मांग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर चार थाना क्षेत्र के सेक्टर पांच हटिया को लेकर विवाद सामने आया है। बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन द्वारा विस्थापितों को तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को हटिया लगाने की अनुमति दी गई है। लेकिन हटिया में दुकान लगाने वाले फल, सब्जी और मछली विक्रेता अब सप्ताह में 5 दिन हटिया लगाने की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उनसे महीने भर का शुल्क लिया जाता है, फिर भी सिर्फ तीन दिन दुकान लगाने की इजाजत दी जा रही है। इसे लेकर बीते 18 जुलाई को कई दुकानदारों ने बोकारो विधायक श्वेता सिंह से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

दुकानदारों का आरोप है कि विधायक ने यह भी कहा कि तीन दिन के अलावा केवल महिलाएं ही दुकान लगा सकेंगी, पुरुष नहीं। इस बयान को दुकानदारों ने तुगलकी फरमान बताया और कड़ी नाराजगी जताई। हालांकि विधायक का कोई आधिकारिक बयान अब तक नहीं आया है।

विवाद की पृष्ठभूमि में बताया गया है कि यह जमीन बोकारो स्टील प्लांट के अधिग्रहण क्षेत्र में आती है, जिसे रोजगार के लिए विस्थापित समिति को सौंपा गया है। समिति के अनुसार, जब हटिया लगता है, तभी शुल्क लिया जाता है और यह बीएसएल के नियमों के तहत है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ है, लेकिन लगातार बढ़ रहे असंतोष को देखते हुए स्थानीय प्रशासन जल्द स्थिति स्पष्ट कर सकता है। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन करेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *