अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सबलपुर दियारे में गंगा नदी में कटाव स्थल पर युद्ध स्तर पर कटाव निरोधक कार्य जारी है। अब तक आधा दर्जन से अधिक घर गंगा नदी में विलीन हो चुके हैं। उपजाऊ भूमि का भी कटाव हो चुका है।
जानकारी के अनुसार दियारे के नया बाजार से पश्चिम सबलपुर पछियारी पंचायत के वार्ड क्रमांक एक में बीते 17 जुलाई को पछुआ हवा के चलने के साथ ही गंगा नदी से हुए कटाव में आधा दर्जन से अधिक घर विलीन हो गए। इसके साथ ही आधा किलो मीटर के एरिया में भूमि का कटाव हुआ, जिसमें जमीन के साथ ही पेड़ -पौधे और अन्य फसलों का नुकसान हो चुका है।
फिलहाल विभागीय अधिकारियों की देखरेख में बोरी में बालू भर कर व् अन्य तरीके से कटाव रोकने की युद्ध स्तर पर कोशिश जारी है। जिसके कारण फिलहाल कटाव रुक गया है। परंतु, यह प्रयास अस्थाई ही है। इससे पूर्व इस पंचायत के विभिन्न भागों मे कटाव रोकने के प्रयास अनेक बार किए गये। बांस -बल्ले गाड़े गए। बोल्डर पिचिंग तक हुई, पर स्थानीय रहिवासी गवाह है कि ऐसे निरोधक कार्य भी नदी के प्रवाह के सामने कमजोर पड़ गए।
अब यहां के रहिवासियों का एक मत है कि पहलेजा से सबलपुर तक जब तक रिंग बांध नहीं बनेगा, तब तक सबलपुर दियारे की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। यही हालत रहा तो एक दिन दियारे की सभी चार पंचायतें गंगा एवं गंडक नदी में विलीन हो जायेगा। इससे पूर्व पछियारी पंचायत के अधिकांश भाग गंगा नदी में विलीन हो चुका है। जानकार बताते है कि भिन्निक टोला कट चुका है। रायपुर हसन बंगाली टोला पूरी तरह विलीन हो चुका है। अट्ठाइस टोला का 99 फीसदी घर पहले ही गंगा नदी में समा चुका है।

![]()













Leave a Reply