Advertisement

बराकर चेक नाका से पुलिस ने वाहन जांच में हथियारों का खेप किया बरामद

बाइक सवार के बैग से मिला 25 पिस्टल और 46 राउंड कारतूस

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। झारखंड के धनबाद जिला (Dhanybad district) से सटे झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र के बराकर इलाके में पुलिस ने नाका पर चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने वाहन जांच में बाइक सवार के बैग से 25 पिस्टल और 46 राउंड कारतूस बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को वाहन जांच के क्रम में बराकर थाना की पुलिस ने शक के आधार पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। मोटरसाइकल की जांच के दौरान पुलिस को युवक के पास मौजूद बैग से 9 एमएम का 25 पिस्टल और 46 राउंड कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक को गिरफ्तार कर बाइक को भी सीज कर लिया है।

आसनसोल व् दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार निलकंठम ने कहा कि हथियार बरामदगी मामले में पुलिस जांच कर रही है। जिसका खुलासा होते ही मीडिया को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक का नाम ऐश मोहम्मद है।

वह बंगाल के कुल्टी के केंदुआडीह का रहनेवाला है। उन्होंने बताया कि आरोपी ऐश बाइक से हथियार लेकर धनबाद जा रहा था, लेकिन अभी इस पर खुलकर कुछ भी कहा नहीं जा सकता। अनुसंधान के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

बताया जाता है कि झारखंड नंबर प्लेट की बाइक लेकर उक्त युवक धनबाद की ओर जा रहा था। उसके पास काला बैग था। पुलिस ने उसे रोककर छानबीन की तो बैग में हथियार भरा था। आसनसोल पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार नीलकंठम ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के पास से 25 पिस्टल और कारतूस के साथ सेमी ऑटोमेटिक हथियार बरामद किया गया हैं।

आरोपी किसी अंतर प्रांतीय हथियार तस्कर गिरोह से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने हथियार बरामद होने के बाद विभिन्न हिस्सों में छापेमारी अभियान तेज कर दी है।

पश्चिम बंगाल की पुलिस भी सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी कर रही है। कुछ दिनों पहले भी बंगाल के नियामतपुर में गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था। जिसमें बंगाल पुलिस को बड़ी सफलता हांथ लगी थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *