Advertisement

फुसरो नगर परिषद चुनाव की बजी रणभेरी

प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह, आचार संहिता के पाठ के साथ चुनावी दंगल शुरू

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नगर परिषद फुसरो चुनाव की सरगर्मी अब अपने चरम पर पहुंच गई हैं। नामांकन प्रक्रिया और नामांकन पत्रों की जांच के बाद, चुनाव आयोग ने मैदान में डटे सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने वाले चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए हैं।

इसके साथ ही 8 फरवरी से फुसरो की गलियों में अब नारों और पोस्टरों का शोर सुनाई देने लगेगा। जो आगामी 21 फरवरी संध्या 5 बजे तक चलेगा। वहीं 23 फरवरी को मतदान होगा तथा 27 फरवरी को मतगणना की गिनती की जायेगी। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

वार्ड पार्षद पद के लिए नप क्षेत्र के सभी 28 वार्डों को मिलाकर कुल 129 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रत्याशियों को जैसे ही उनके चुनाव चिन्ह मिले, समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। अब उम्मीदवार अपने आवंटित चिन्हों के साथ घर-घर जाकर मतदाताओं को रिझाने की रणनीति में जुट गए हैं। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए सीमित समय बचा है। फुसरो नगर परिषद की जनता विकास, साफ-सफाई और स्थानीय मुद्दों के आधार पर किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन फिलहाल, शहर पूरी तरह से चुनावी रंग में रंगा नजर आ रहा है।

उम्मीदवार नियमों के दायरे में रहकर अपनी बात जनता तक पहुंचाएं-मुकेश मछुवा

बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी सह मुख्य चुनाव अधिकारी मुकेश मछुवा ने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उम्मीदवारों को नियमों के दायरे में रहकर अपनी बात जनता तक पहुंचानी चाहिए। उम्मीदवारों को ​चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद आयोजित एक विशेष बैठक में सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर ने सभी उम्मीदवारों को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र के इस पर्व में शालीनता और नियमों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता के कड़े पालन का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल का प्रचार के लिए उपयोग या नफरती भाषण पर तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने लाउड स्पीकर के समय और प्रचार वाहनों की अनुमति को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। कहा कि चुनाव लड़ना सबका अधिकार है, लेकिन सामाजिक सौहार्द बिगड़ना नहीं चाहिए।

​चुनाव में धनबल के दुरुपयोग को रोकने के लिए व्यय प्रेक्षक विजय कुमार ने भी कमर कस ली है। बैठक के दौरान उम्मीदवारों को आय-व्यय के ब्यौरे को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। बताया कि प्रत्येक प्रत्याशी को एक रजिस्टर मेंटेन करना होगा, जिसमें चाय-नाश्ते से लेकर बैनर-पोस्टर तक का हिसाब दर्ज होगा। चुनाव खर्च के लिए अलग बैंक खाते के उपयोग की अनिवार्यता पर जोर दिया गया। प्रेक्षक ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वाड और वीडियो निगरानी टीमें सक्रिय हैं, जो किसी भी संदिग्ध खर्च या प्रलोभन की जांच करेंगी। चुनाव हेतु किए जाने वाले व्यय की लेखा जाँच हेतु तीन दिन 10 फरवरी, 14 फरवरी तथा 19 फरवरी को निश्चित किया गया है, जो प्रखंड सह अंचल कार्यालय बेरमो मे किया जाएगा।

एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

नगरपालिका चुनाव को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने 7 फरवरी को फुसरो क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रो का सुरक्षा व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधा का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान के समय मतदाता को किसी तरह की असुविधा ना हो इसके लिए आवश्यकतानुसार दिशा निर्देश दिए।

चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद मे जिस प्रत्याशी को चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया उनमें अन्नू कुमारी को एयरकंडीशनर, निर्मला देवी को छड़ी, प्रतिभा देवी को चूड़ियां, फुलेश्वरी कुमारी को बैटरी टार्च, बिना कुमारी को बेंच, ममता देवी को बिस्कुट, शकुंतला देवी को बक्सा, संगीता देवी को इंटें तथा सहोदरी देवी को बाल्टी शामिल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *