शंभूपट्टी में शोक सभा एवं सर्व धर्म प्रार्थना का आयोजन

एस.पी.सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। राष्ट्रीय युवा योजना, प्रगति आदर्श सेवा केंद्र, आशा सेवा संस्थान, चेतना सामाजिक संस्था एवं जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के संयुक्त तत्वाधान में गिफ्ट ऑफ गॉड समस्तीपुर (Gift Of God Samastipur) के शंभूपट्टी स्थित परिसर में शोक सभा एवं सर्व धर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पदमश्री डॉ एसएन सुब्बा राव के चित्र पर पुष्पांजलि एवं मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया गया।

मौके पर एनजीओ संघ बिहार के सचिव एवं उनके साथ 1992 से कार्य करने वाले समाजसेवी संजय कुमार बबलू ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुये कहा कि भाईजी का जीवन विश्व के युवाओ के लिए समर्पित था।

उनमें महात्मा गांधी और विनोवा भावे का झलक साफ दिखता था। उन्होंने कहा कि दुनियां के करोड़ो नौजवान उनके आह्वान पर कैम्प में भाग लेते रहे है। उनका निधन पूरी दुनियां के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के संस्थापक सचिव सुरेंद्र कुमार ने भाईजी के बीच बिताये लम्हे को अद्भुत बताया। उन्होंने कहा कि भाईजी युवाओ के लिए आशा के प्रतीक और दुनिया के लिए शांति के मसीहा थे।

चेतना सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ मिथिलेश कुमार ने सुब्बाराव को महामानव बताया। कहा कि ऐसे व्यक्ति युग पुरुष के रूप में ही जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि भाईजी का विचार और संदेश सदैव अमर रहेगा। आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा ने भाईजी के निधन को युवाओ के लिए शून्यता बताया।

ज्ञात हो कि गांधीवादी डॉ एसएन सुब्बा राव का निधन 93 वर्ष 10 माह की आयु में हो गया। दिवंगत सुब्बाराव भाईजी के नाम से पूरे दुनियां में मशहूर थे। राष्टीय युवा योजना राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे कई संस्थाओं के संस्थापक के रूप में उन्होंने हजारों युवा कैम्प का आयोजन किया।

करोड़ो युवाओं के दिलो पर राज करते थे। उन्होंने चंबल के छह सौ से ज्यादा डकैतों को आत्मसमर्पण कराया। 13 वर्ष के उम्र में फिरंगियों ने इन्हें जेल में डाल दिया, फिर भी उनका हौसला कम नही हुआ।

उन्हें पद्मश्री समेत सैंकड़ो राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया। समस्तीपुर जिला के हजारों युवा एकता शिविर में भाग लेते रहे है।

भाईजी का निधन देश के युवाओं के लिए अपूरणीय क्षति है। वर्ष 1993 में सद्भावना रेल यात्रा के दौरान समस्तीपुर जिले में इनका आगमन हुआ था और 2 दिन तक इन्होंने समस्तीपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी निभाई थी।

 207 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *