गोमियां में चलंत लोक अदालत का आयोजन

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। गोमिया प्रखंड (Gomian block) के हद में स्वागं दक्षिणी पंचायत में 3 अप्रैल को चलंत लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के क्षेत्रों से आये बड़ी संख्या में रहिवासी उपस्थित होकर चलंत लोक अदालत का लाभ लिया।
नालसा एवं झालसा के द्वारा चलाए जा रहे चलंत लोक अदालत का आयोजन 3 अप्रैल को स्वागं दक्षिणी पंचायत सचिवालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार बोकारो के द्वारा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्यवहार न्यायालय तेनुघाट के अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने किया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ उरांव मुख्य रूप से उपस्थित थे। शिविर को सम्बोधित करते हुए डालसा सचिव उरांव ने कहा की उक्त वाहन द्वारा पंचायत का दौरा किए जाने के समय वहां पर लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसका उद्देश्य समाज के उन सभी वर्गों को न्याय उपलब्ध कराना है जो गरीब या सुदूर क्षेत्र में रहने के कारण न्याय से वंचित रह जाते हैं। इसके साथ ही नालसा एवं झालसा द्वारा चलाए जा रहे कई तरह के प्रोजेक्ट एवं योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के साथ लोगों को विभिन्न सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देना तथा आम रहिवासी को विभिन्न कानूनों की जानकारी देना है। इस वाहन के पास आकर रहिवासी अपना आवेदन भी समर्पित कर सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्यवाई की जाएगी। साथ हीं आम जनों के विवादों का यथा संभव उसी स्थान पर निस्तारण किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार उक्त आवेदन को विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सम्बंधित पदाधिकारी को उचित कार्यवाई हेतु भेजा भी जाएगा। इस वाहन में रीसोर्ष पर्सन के रूप में अनुभवी अधिवक्ता गण एवं पारा लीगल वोलेंटियर वाहन में उपस्थित रहेंगे, जो न केवल आम रहिवासी की शिकायतों का निवारण करेंगे, बल्कि उन्हें कानूनी जानकारी भी प्रदान करेंगे। उक्त लोक अदालत वाहन बोकारो जिले के नौ प्रखंड के विभिन्न पंचायत का दौरा करेगा एवं एक स्कीम के तहत अगर किसी महिला पर केस होता है तो इसका आवेदन डालसा को दें। उन्हें मुफ्त में वकील दिया जाता है। जो उस महिला का केस लड़ेगा और उस महिला को एक भी रुपया खर्च नहीं होगा। अगर कोई भी घरेलू विवाद या अन्य समस्या हो तो सेंटर द्वारा आपके विवादो का समाधान किया जाएगा। मौके पर गोमियां बीडीओ कपिल कुमार, अधिवक्ता नितेश कुमार जयसवाल, मो साबीर अंसारी, चंद्रदीप पासवान, धनंजय सिंह, पीएलभी सुनील पासवान, सुनीता सिन्हा, कनक लता सिन्हा, कृष्णा रजक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

 638 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *