पुलिस के हत्थे चढ़ा दाऊद इब्राहिम का करीबी

मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) के भतीजे रिजवान कासकर (Rizwan Kaskar) को पुलिस ने बुधवार रात मुंबई (Mumbai) से गिरफ्तार कर लिया है। रिजवान कासकर, दाऊद के भाई इकबाल कासकर (Iqbal Kaskar) का बेटा है जिसे पुलिस ने अवैध वसूली से जुड़े एक केस में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, रिजवान कासकर को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि रिजवान कासकर को अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह देश से भागने की कोशिश कर रहा था। इससे पहले छोटा शकील के करीबी और हवाला लेन-देन के आरोपी अहमद रजा अफरोज वधारिया उर्फ अहमद रजा को मुंबई पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस के अनुसार, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील के खिलाफ जांच करते हुए मुंबई पुलिस को यह अहम सफलता मिली थी। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि वधारिया के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया गया था। वह जैसे ही दुबई से मुंबई पहुंचा, उसे हवाई अड्डे पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

वडारिया अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील की सलाह पर हवाला का लेन-देन किया करता था। इसके अलावा वह दाऊद इब्राहिम के करीबी फहीम मचमच से भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था। वधारिया के पास से चार मोबाइल मिले हैं, जिसमें कैद आवाज के जरिए वधारिया और मचमच के बीच के कनेक्शन की जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस को इस सफलता से अंडरवर्ल्ड के और भी कई राज खुलने की संभावना दिख रही है।


 354 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *