झारखंड का 17वां स्थापना दिवस संपन्न

राष्ट्रपति ने बांटे सौगात सीएम ने काटा केक

एस.पी. सक्सेना/ रांची। झारखंड राज्य के 17वां स्थापना दिवस काफी धूम-धाम से मनाया गया। स्थापना दिवस के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने करोड़ों की कई योजनाओं का शुभारंभ किया व करोड़ों की परिसंपत्तियां वितरित की और बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र भी बांटे। वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 1032 पौंड का केक काटा। उन्होंने राज्यवासियों को शुभकामनाएं भी दी।

गौरतलब है कि इस अवसर पर रामनाथ कोविंद ने कहा कि मैं राज्य की 3 करोड़ 30 लाख जनता को स्थापना दिवस की बधाई देता हूं। राष्ट्रपति ने 108 करोड़ की इमरजेंसी मेडिकल एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस योजना में मेडिकल इमरजेंसी में एंबुलेंस सेवा राज्य के सभी लोगों के लिए बिलकुल मुफ्त है।

झारखंड सरकार शहीद ग्राम योजना के तहत शहीदों के ग्राम में विकास का कार्य कर रही है। वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य को न्यू झारखंड बनाएंगे। झारखंड शिक्षित बने, सुदूरवर्ती क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा मिले, कोई व्यक्ति बिना घर, बिना शिक्षा नहीं रहें। साथ ही, सभी को रोजगार उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित शिक्षित झारखंड, विकसित झारखंड कार्यक्रम में केक काटने के बाद विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने केक काटकर स्कूली छात्र-छात्राओं को खिलाया और छात्राओं ने सीएम को केक खिलाया। सीएम रघुवर दास ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिन पर हम सभी को संकल्प लेने की जरूरत है। भगवान बिरसा ने खूंटी के उलीहातू से निकलकर उलगुलान किया। झारखंड के नेता व राज्य के सवा तीन करोड़ जनता अलग राज्य के लिए संघर्ष किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के प्रति आभार प्रकट किया। कहा, उनके अथक प्रयास से झारखंड का सपना साकार हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अटल बिहारी वाजपेयी व जनता के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। मौके पर शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड बनाने का संकल्प
स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विद्यार्थी व पदाधिकारियों को शिक्षित झारखंड, हमारा लक्ष्य, हमारा संकल्प का संकल्प दिलाया। सीएम ने संकल्प दिलाया कि हम झारखंड के बच्चे खुद तो शिक्षित होंगे ही, साथ ही अपने प्रयासों से विद्यालय से जोड़ेंगे। झारखंड को संपूर्ण साक्षर, सभ्य एवं सुसंस्कृत राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्पित रहेंगे।

अपनी दिनचर्या में व्यक्तिगत, सामुदायिक एवं सामाजिक स्वच्छता को अपनाते हुए संपूर्ण प्रदेश को स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड बनाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत रहते हुए अपने प्रदेश की प्राकृतिक अस्मिता को अक्षुणन बनाये रखेंगे। अपने शिष्ठाचार से सांप्रदायिक सौहार्द एवं पारस्परिक एकता के पथ पर अग्रसर रहते हुए झारखंड को गरीबी, भ्रष्ठाचार एवं उग्रवाद से पूर्णतः मुक्त आदर्श राज्य बनाएंगे।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना
636 करोड़ की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना में राज्य के 47 लाख गरीब परिवारों का दो लाख का स्वास्थ्य बीमा बिलकुल मुफ्त होगा।

जोहार योजना
1500 करोड़ रुपये की जोहार योजना का शुभारंभ किया। इस योजना से 2 लाख ग्रामीण परिवारों की आय दोगुनी होगी। जोहार योजना के तहत मुर्गी पालन और बकरी पालन के लिए उत्पादक समूहों को चार-चार लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

 719 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *