झारखंड में सत्ता परिवर्तन की हलचल

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा दिल्ली तलब

एस. पी. सक्सेना/ रांची (झारखंड)। एक के बाद एक देश के तीन राज्यों में करारी हार से भाजपा के नेता और मुखिया बौखला गए हैं। इस हार से सकते में आई भाजपा का डर सतह पर दिखने लगा है। भाजपा आगे से किसी राज्य में जोखिम लेने के पक्ष में नही है। गौरतलब है कि तीन राज्यों में शिकस्त के बाद भाजपा को अब झारखंड में भी जनता को जवाब देना है। यही कारण है की पार्टी में जबरदस्त तोड़ फोड़ आने वाले कुछ दिनों में देखने को मिल सकती है। इसके संकेत पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के साथ दिखने भी लगा है। मौजूदा समय में यहां भी सत्ता परिवर्तन की हलचल तेज हो गयी है।

11 दिसंबर को तीन राज्यों में चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को 3.45 में भाजपा मुख्यालय से फोन पर दिल्ली आने का आदेश दिया गया। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री मुंडा अपने कुछ सहयोगियों के साथ बैठे थे। मुख्यालय का फोन होने की वजह से वो अलग हटे और फोन रिसीव किया। फोन पर दो मिनट तक बात करने के बाद उन्होंने अपने पीए से अविलंब दिल्ली जाने की तैयारी करने की बात कही। निर्देश सुनते ही पीए एयरपोर्ट गए और 4.55 की एयर एशिया की फ्लाइट का टिकट करवाया। मुंडा इसी फ्लाइट से दिल्ली चले गये।

दिल्ली में उन्होंने पार्टी मुख्यालय जाकर आला अधिकारियों से मुलाकात की। पार्टी मुख्यालय में देर रात तक मंथन चलता रहा। उसके बाद आज गुपचुप तरीके से मुंडा वापस रांची लौट आये। उधर अर्जुन मुंडा समेत कई नेताओ को आरएसएस मुख्यालय नागपुर से बुलावा आ गया है। 16-17 नवंबर को होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए अमित शाह भी नागपुर पहुंचने वाले हैं। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अमित शाह को विशेष रूप से नागपुर बुलाया गया है।

कयास लगाया जा रहा है कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में मिली करारी हार के बाद आरएसएस, बीजेपी को कुछ जरुरी दिशा-निर्देश देगा। ताकि वर्ष 2019 में होने वाले हार की संभावनाओ को दूर किया जा सके। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में झारखंड के कुछ अन्य पार्टी नेता भी शामिल हो सकते हैं। अर्जुन मुंडा निश्चित तौर पर इस बैठक में शामिल होने वाले हैं। खास बात यह की जब बैठक बुलाई जा रही है उस समय सीएम रघुवर दास दुबई के दौरे पर रहेंगे।

 


 477 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *