केबी कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस व् सतर्कता जागरूकता अभियान का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रीय खेल दिवस तथा सतर्कता जागरूकता अभियान के अवसर पर 29 अगस्त को बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित केबी कॉलेज बेरमो ने कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

केबी कॉलेज के बीबीए सभागार में राष्ट्रीय खेल दिवस की शुरुआत स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद् की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने की। उन्होंने इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद् के योगदानों को याद किया।

प्राचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी। यह हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद् के जन्मदिन के दिन मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद् ने भारत को वर्ष 1928, वर्ष 1932 और वर्ष 1936 के ओलम्पिक खेलों में देश को गोल्ड मेडल दिलवाया था। उन्हें वर्ष 1956 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। इस दिन की मान्यता और महत्व को दर्शाते हुए, कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद् के योगदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर केबी कॉलेज में सीसीएल कथारा क्षेत्र के साथ संयुक्त तत्वाधान में सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ छात्रों ने सतर्कता जागरूकता मार्च में भाग लिया और सतर्कता से संबंधित संदेशों को फैलाया। कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कॉलेज के व्याख्याता डॉ प्रभाकर कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि सतर्कता जागरूकता अभियान का उद्देश्य भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाना और एक सशक्त समाज की स्थापना करना है। एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ प्रभाकर ने छात्रों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कैसे छोटे प्रयास समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।

छात्रों ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का पालन करेंगे और सतर्कता जागरूकता अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।
इस प्रकार, राष्ट्रीय खेल दिवस और सतर्कता जागरूकता अभियान ने दोनों ही आयोजनों के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेश और प्रेरणा प्रदान की, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंच संचालन डॉ प्रभाकर कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ अरुण कुमार रॉय महतो ने किया।

कार्यक्रम में प्राचार्य लक्ष्मी नारायण, प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति, खेल पदाधिकारी डॉ साजन भारती, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डॉ अरुण कुमार रॉय महतो, प्रो. संजय कुमार दास, प्रो. सुनीता कुमारी, सीसीएल कथारा क्षेत्र के विभागाध्यक्ष सह नोडल पदाधिकारी सतर्कता जागरूकता चंदन कुमार, कार्यालय कर्मी रविंद्र कुमार दास, सदन राम, मो. साजिद, दीपक कुमार राय, शिव चन्द्र झा, बालेश्वर यादव समेत कॉलेज के सैकड़ो छात्र-छात्रा तथा एनएसएस के स्वयं सेवकों की उपस्थिति रही।

 

 57 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *