हमारे पूर्वजों ने अपना खून पसीने से सेल को सींचा हैं-जोबा मांझी
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा में सेल प्रबंधन द्वारा स्थानीय रहिवासियों को विस्थापित किये जाने के मामले को लेकर सांसद जोबा मांझी 16 जुलाई को गुवा पहुंची। यहां उन्हे जन समर्थन देते हुए स्थानीय रहिवासियों ने मसीहा की तरह सम्मान दिया।
इस अवसर पर सांसद मांझी के साथ झामुमो जिला कमेटी के पदाधिकारी भी शामिल रहे। गुवा पहुंचते ही सांसद विस्थापित ग्रामीणों से मिलने जाटा हाटिंग बस्ती पहुंची और उनकी समस्याओं से अवगत हुई। विस्थापित हो रहे रहिवासियों ने सांसद को बताया कि सेल प्रबंधन विस्तारीकरण के नाम पर लीज क्षेत्र में वर्षो से बसे यहां के गरीब जनों को उजाड़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने विस्थापन से पूर्व नये सिरे से सर्वे कराने की मांग की, क्योंकि सर्वे में लगभग एक सौ परिवार छूट रहे हैं।
जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वे गुवा के एक भी परिवार को विस्थापित नहीं होने देंगे। विस्थापित जमीन के मालिक हैं। सभी परिवार का पुनर्वास होना चाहिए। कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले को संसद में भी उठाएंगे।
जाटा हाटिंग में ग्रामीणों से मुलाकात के बाद सांसद माझी ने सेल गुवा के सीजीएम भास्कर को डायरेक्टर बंगला बुलाकर ग्रामीणों की मांगों से अवगत कराया।
सेल सीजीएम को सांसद ने कहा कि विस्थापन से पूर्व सभी परिवारों का पुनर्वास होना चाहिए। इसके अलावा सेल के विस्तारीकरण में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। सीजीएम के समक्ष सांसद ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने खून पसीने से सेल को सींचा हैं। स्थानीय रहिवासियों की अनदेखी की जाएगी तो बड़ा जन आंदोलन होगा।

सांसद ने सीजीएम से दो टूक कहा कि रोजगार नहीं देंगे और जमीन से भी बेदखल करेंगे, तो सेल को यहां माइंस चलाना मुश्किल कर देंगे। सीजीएम कमल भास्कर ने वार्ता के दौरान आश्वासन दिया कि स्थानीय बेरोजगारों की उपेक्षा नहीं की जाएगी। साथ ही छूटे हुए परिवारों के विषय में भी सकारात्मक पहल की जाएगी। उसके बाद झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के महामंत्री अंतर महाकुड़ ने अपने यूनियन के सदस्यों के साथ सांसद से मुलाकात कर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय को 6 माह के लिए जिला बदर किया गया है उसपर कानूनी जांच कर लगाएं गए आरोप की निष्पक्ष जांच करने की मांग कर न्याय दिलाने की मांग सांसद से की गई। सांसद ने कहा कि इसके लिए उपायुक्त से बात की जाएगी और इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से भी बात की जाएगी।
मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, जिप अध्यक्ष सह महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, मुखिया लिपी मुंडा, केंद्रीय सदस्य सह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंकू, मोहम्मद तबारक, प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा देवगम, बुधराम लागुरी, जिला उपाध्यक्ष प्रेमनाथ गुप्ता, वृंदावन गोप, जीरेन सिंकू, अशोक दास समेत काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()














Leave a Reply