Advertisement

पहलेजाघाट में दो लाख से अधिक कांवरियों ने लगायी दक्षिणायणी गंगा में डुबकी

हरिहर क्षेत्र सोनपुर-हाजीपुर पथ पर उमड़ा शिव भक्त कांवरियों का सैलाब

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण माह की तीसरी सोमवारी पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित पहलेजाघाट धाम से दक्षिणायणी गंगा का जल कांवर में भरकर दो लाख से अधिक कांवरियों का जत्था सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ एवं मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीब नाथ पर जलाभिषेक के लिए 25 जुलाई को प्रस्थान किया।

पहलेजा घाट धाम में गंगा तट पर लाखो कांवरियों का मेला लगा है। दो लाख से अधिक कांवरियों ने यहां दक्षिणायणी बहनेवाली गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगायी और अंजुली में गंगाजल लेकर संकल्प लिया कि बाबा नगरिया दूर है जाना जरूर है।

कांवरियों का यह साधारण जत्था पहलेजा धाम – बाबा हरिहरनाथ निचली कांवरिया पथ से बाबा हरिहरनाथ एवं बाबा पातालेश्वर नाथ की जय जयकार करते बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचा और बाबा का दर्शन -पूजन एवं जलाभिषेक किया। यहां से कांवरियों की भीड़ बोलबम का नारा लगाते गंडकी नदी के पुराने मार्ग से हाजीपुर होते लगभग 65 किलोमीटर पैदल पांव चलकर बाबा गरीबनाथ की नगरी मुज़फ्फरपुर में आगामी 28 जुलाई को जलाभिषेक करेगा।

कांवरिया पथों पर इस बार एक से बढ़कर एक कांवरियों का दल दिखाई पड़ा। कांवर एवं वेशभूषा भी बहुतों का अलग – अलग दिख रहा है। इस शुक्रवार 25 जुलाई को यहां बारिश भी हुई लेकिन इस बारिश पर आस्था भारी पड़ा। बारिश को धत्ता बताते हुए कांवरियों का काफिला बढ़ता रहा। इस बार नन्हें बच्चे भी कांवर यात्रा मे शामिल दिखाई पड़े। युवतियों एवं महिलाओं में भी शिव भक्ति उमड़ता दिखा।

बताया जाता है कि निचली सड़क मार्ग पर पहलेजा धाम गंगा माता द्वार से चलते ही अनेक स्थानों पर कांवरिया सेवा शिविरों में कांवरियों की सेवा करते देखा गया। भूतेश्वर मही नाथ एवं दुखहरनी दुर्गा मंदिर के निकट सेवा शिविर में कांवरियों को पीने का शुद्ध जल और स्नान की व्यवस्था की गई थी। इसी स्थान के निकट रहिवासी समाजसेवी अजय राज की ओर से कांवरियों को निःशुल्क चाय की व्यवस्था की गई थी।पहाड़ीचक कांवरिया सेवा समिति पहाड़ीचक वार्ड क्रमांक चार सामुदायिक भवन के निकट भी ग्रामीणों की टोली निरंतर कांवरियों की सेवा करती देखी गई।

काली घाट पर कांवरियों ने उठाया नौकायन का आनन्द

सोनपुर के काली घाट पर कांवरियों का स्नान के साथ घाट पर मौजूद तीर्थ पुरोहित संकल्प कराते दिखे। अनेक कांवरियों ने नौकायन का भी लुत्फ उठाया और प्रकृति के इस मनोहारी सौंदर्य को अपनी आंखों में कैद करते हुए जमकर मस्ती की। घाट पर धनुष कुटी आश्रम मंदिर के मुख्य द्वार पर स्वास्थ्य शिविर एवं दक्षिण तरफ अस्थाई कांवरिया शिविर में भी कांवरियों ने अस्थाई तौर पर विश्राम किया।

इस अवसर पर काली मंदिर परिसर और उसके आसपास का इलाका रामधुन से गूंज रहा था, तो नीचे काली घाट क्षेत्र पथ पर बाबा भोले के गीत वातावरण को पवित्र कर रहा था। हरिहरनाथ से लेकर काली घाट तक जगह -जगह कांवर रखने के लिए स्टैंड बने थे, जिस पर कांवर रखकर कांवरिए स्नान – ध्यान, पूजा – पाठ , बाबा हरिहरनाथ का दर्शन – पूजन और जलाभिषेक करने जा रहे थे। लोक सेवा आश्रम से पुराना गंडक पुल जाने वाले संत रामलखन दास पथ गज – ग्राह चौक पर सोनपुर गांव के ग्रामीणों द्वारा कांवरिया सेवा शिविर का संचालन किया जा रहा था।

इस चौक पर पुराने गंडक पुल पर चढ़ने से पूर्व शुद्ध जल का फव्वारा के माध्यम से गुजरते कांवरियों के शरीर पर शुद्ध जल की वर्षा की जा रही थी। बहुत सारे कांवरियों ने इस बरसात में भी ग्रामीण सेवा का लाभ उठाया। स्नान कर सेवा भक्ति का आनंद उठाते हुए राहत महसूस कर रहे थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *