Advertisement

एकदिवसीय प्रीमियर लीग वॉलीबॉल टूर्नामेंट का विधायक ने किया उद्घाटन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के अलकुशा गांव में आयोजित एकदिवसीय प्रीमियर लीग वॉलीबॉल टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन चंदनक्यारी के विधायक उमाकांत रजक ने 8 फरवरी को फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह, अनुशासन और खेल भावना देखने को मिली।

टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले से ही दर्शकों में खासा रोमांच देखने को मिला। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण रहिवासी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं एवं आयोजन समिति की अहम भूमिका रही।
इस अवसर पर विधायक उमाकांत रजक ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम है।

ऐसे आयोजन न केवल युवाओं को नशा व भटकाव से दूर रखते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व का गुण भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जनप्रतिनिधि खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि गांव-देहात के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके।
आयोजन समिति द्वारा विधायक सहित अतिथियों का सम्मान किया गया और प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *