शिव भक्त 21 जुलाई को बाबा गरीबनाथ पर करेंगे जलाभिषेक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के पहलेजा घाट धाम से पवित्र गंगा जल लेकर 20 जुलाई को लाखों की संख्या में डाक कांवरिया मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ के लिए कूच किया।
डाक कांवरियों के रवाना होने से पूर्व तीर्थ पुरोहितों ने अलग-अलग दलों में विभाजित कांवरियों के समूह को संकल्प कराया और उनकी यात्रा की सफलता की कामना की। बताया जाता है कि डाक कांवरियों का काफिला अपने अपने दलों में विभाजित होकर बोलबम का नारा है, बाबा एक सहारा है का नारा लगाते एनएच 19 से हाजीपुर होते मुजपफरपुर की ओर प्रस्थान कर गए। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
बताया जाता है कि सोनपुर-हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग भगवाधारी कांवरियों से पट गया है। जिधर देखो उधर स्वयंसेवी संगठनों द्वारा सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहे पर कांवरियों के लिए शुद्ध जल, दुध की व्यवस्था की गई है। एन एच 19 पर ही राजद नेता हरिशंकर यादव की ओर से कांवरिया शिविर लगाकर शर्बत पानी और फल का वितरण किया गया।

शिविरों में कांवरियों को उनके जरूरत के अनुसार सहायता भी दी जा रही है। पहलेजा घाट के निचले इलाके में गंगा नदी के बाढ़ का पानी फैल गया है। कांवरियों को स्नान के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ा, क्योंकि गंगा का पानी गंगा माता मंदिर के पीछे तक पहुंच गया है।
दूसरी ओर पहलेजाघाट धाम में डाक कांवरियों का जत्था स्नान के लिए शाम तक पहुंचता देखा गया और स्नान करने के बाद दक्षिणायनी गंगा का जल कांवर में भर कर लक्ष्य की ओर बढ़ चला। डाक कांवरियों का यह जत्था लगातार बिना रुके 65 किलोमीटर पैदल चलकर 21 जुलाई को मुजफ्फरपुर में स्थित बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक करेंगे। इस क्रम में सोनपुर- हाजीपुर- मुजफ्फरपुर मार्ग का कांवरिया पथ बोल बम के जयकारे से गूंज रहा है।
सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ एवं हाजीपुर के बाबा पातालेश्वर नाथ के भी जय जयकार हो रहे हैं। महिला कांवरिया भक्तों के काफिले में भोले बाबा का गीत राहगीरों के मन को मोहित कर रहा है। चलते-चलते कोई महिला कांवरिया अपने परिजनों को विडियो कॉलिंग कर अपने यात्रा पथ को दिखा रही है, तो कोई चलते-चलते कांवरियों का वीडियो भी बना रहा है। बाबा गरीबनाथ के भक्तों का भी गजब का अंदाज है। डाक कांवरियों का दल अपनी पहचान के लिए अपनी बांह पर पीला रिबन बांध रखा है।
कांवरियों की सेवा में विसलरी पानी के बोतल भी कई समाजसेवी वितरण कर रहे हैं। सोनपुर के काली घाट और हरिहरनाथ मंदिर के आसपास का इलाका कांवरियों से पटा पड़ा था। बाबा हरिहरनाथ के आसपास का संपूर्ण इलाका बाबा हरिहरनाथ के जयघोष से गूंज रहा था। आज सोनपुर एवं हाजीपुर के बीच गंडक नदी पर बने दोनों पुलों पर भारी भीड़ देखी गयी।
![]()













Leave a Reply