डीएवी ढोरी में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। आजादी के अमृत काल को लेकर बोकारो जिला के हद में फुसरो-डुमरी मुख्य पथ मकोली मोड़ के समीप 12 अक्टूबर डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

डीएवी विद्यालय परिसर स्थित दयानंद सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर डॉ आर सी झा ने वैदिक मंत्रोच्चारण करते हुए कार्यक्रम को एक नया आयाम दिया।

वहीं बतौर मुख्य अतिथि बोकारो जिला भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सह बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी, नावाडीह प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, नेहरू युवा केंद्र बेरमो प्रखंड संयोजक दीपक कुमार सिंह, अध्यक्ष शारदा प्रसाद सिंह तथा विद्यालय के प्राचार्य सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।

इस अवसर पर प्राचार्य एस. कुमार ने बुके देकर आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण में प्राचार्य ने विद्यालय की उपलब्धियों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में विद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि बेरमो कोयलांचल की इस रत्न गर्भ धरती पर हमने प्रतिभाओं की तलाश और तराश हमेशा जारी रखी है। यह सुखद आश्चर्य है कि तमाम जनप्रतिनिधियों का सानिध्य मुझे प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम को अमली जामा पहनाते हुए स्वागत गान, संथाली नृत्य, काव्य पाठ, नुक्कड़ नाटक तथा विद्यालय के बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के मॉडल पेंटिंग तथा साज-सज्जा की प्रदर्शनी लगायी गई। जिसका अवलोकन अतिथियों ने किया।

इस अवसर पर कराओके गायन में कोमल कुमारी ने उपस्थित जन समुदाय का मन मोह लिया। यहां पौधारोपण कार्यक्रम में तमाम अतिथियों ने शिरकत करते हुए एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विद्यालय द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। रामदास हाई स्कूल के प्राचार्य विनय कुमार सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

इस अवसर पर बेरमो प्रमुख गिरिजा देवी ने बताया कि इस विद्यालय में अध्ययनरत छात्र एवं छात्राएं शैक्षिक क्रियाकलाप के अलावा सहगामी क्रियाओं में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। खासकर उनके द्वारा बनाए गए मॉडल इस बात की पुष्टि करता है कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की दिशा में भी वे निरंतर अग्रसर है।

प्रमुख ने अपने उद्बोधन में सहगामी क्रियोओ में उनकी सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह विद्यालय निश्चित रूप से और अधिक उपलब्धियां अर्जित करेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सहगामी क्रियाओं के संयोजक एस. के. शर्मा, आरती सिंह, साधु चरण शुक्ला, उमाशंकर सिंह, अशोक पाल, मधुमिता, पल्लवी, पूजा, बबलू प्रधान तथा अन्य सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने अपनी सराहनीय भूमिका निभाई।

 492 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *