Advertisement

सोनपुर नगर परिषद के मानपुर अंडरपास को जल जमाव से मिली निजात

जागरूक युवकों ने किया श्रमदान, बालू की बोरी से किया जल जमाव को समाप्त

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर नगर परिषद के एन एच 19 पर मानपुर स्थित वार्ड क्रमांक-11 में बने अंडर पास को जल जमाव से मुक्त करने के लिए स्थानीय युवकों ने पंकज कुमार के नेतृत्व में 20 जुलाई को श्रमदान किया।

जानकारी के अनुसार युवकों की टोली बोरा में बालू भरकर अंडर पास में बिछाया। जिससे अंडरपास में यात्रियों को पैदल आने-जाने लायक सहूलियत संभव हो सके। युवकों के प्रयास से भीतरी सड़क के किनारे का भाग जल जमाव से मुक्त होकर आवागमन लायक बन सका।

बताते चलें कि, इस रास्ते के सिवा सोनपुर नगर पंचायत के वार्ड ग्यारह जाने के लिए और कोई दूसरा विकल्प नहीं है। बारिश होने पर अंडरपास में जल जमाव की वजह से स्कूली वाहनों, बाइक एवं कार वाले को बैजलपुर एवं दामोदरपुर होते छह किलोमीटर की अधिक दूरी तय कर सोनपुर आना – जाना पड़ता है। सुबह में तो इस अंडर पास से एक दर्जन स्कूली गाड़ियां आती -जाती हैं।

अधिकारियों से इस अंडरपास को जल जमाव से मुक्ति के लिए एक वर्ष से यहां के ग्रामीण फरियाद करते रहे, परन्तु जब उनके द्वारा कोई सकारात्मक पहल शुरू नहीं की गई तो मानपुर गांव के जागरूक नवयुवकों ने पंकज कुमार के नेतृत्व में श्रम दान कर उपरोक्त कार्य कर दिखाया। श्रम दान में पंकज कुमार, संतोष कुमार राम, प्रेम कुमार, मनीष कुमार, रतनदीप कुमार, कपिल कुमार, साहिल कुमार, उत्सव कुमार,मिंटू कुमार, राकेश कुमार, गुड्डू कुमार, रामलाल शर्मा,
आदित्य कुमार, छोटू कुमार आदि ने अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई।

रहिवासियों के कष्ट का इसी से अनुमान लगाया जा सकता है कि सुबह से बारिश होते रहने के बावजूद इन युवकों ने श्रमदान कर यह कार्य किया। श्रमदान अभियान का नेतृत्व कर रहे पंकज ने बताया कि जल जमाव की समस्या का बालू भरा बोरा डालकर पैदल चलने योग्य तत्कालीन समाधान किया गया। अब इससे छोटे -छोटे स्कूली बच्चे, बड़े बुजुर्ग, बीमार और अन्य राहगीरों को इस अंडर पास से पैदल गुजरने में सहूलियत होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *