Advertisement

छात्राओं पर लाठीचार्ज के विरोध में माले का प्रतिवाद मार्च

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। गोमियां प्रखंड (Gomian block) के हद में भाकपा माले (Bhakpa Male) ने धनबाद में छात्राओं पर लाठीचार्ज के विरोध में निकाला प्रतिवाद मार्च। यहां माले नेताओं ने दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार गोमियां प्रखंड कमिटी भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद यादव ने 7 अगस्त को साड़म में प्रतिवाद मार्च निकालते हुए कहा कि धनबाद में छात्राओं के ऊपर लाठी चार्ज करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों द्वारा किया गया यह कार्य दुर्भाग्यपूर्ण है।

छात्राओं के ऊपर लाठीचार्ज करने को लेकर प्रखंड सचिव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अविलंब दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की। आगे कहा कि इसके पूर्व भी भाजपा सरकार ने आंगनबाड़ी कर्मियों एवं पारा शिक्षकों पर लाठीचार्ज कर उनके अधिकारों को दबाने का प्रयास किया था।

यही कारण है कि आज भाजपा झारखंड की सत्ता से बाहर है। हेमंत सरकार से लोगों को जो उम्मीदें थी, अब उस उम्मीदों से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। मंत्री से मिलने की मांग कर रहे थे। उन्हें मिलने क्यों नहीं दिया गया? यहां तक कि छात्राओं को अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों द्वारा दौड़ा-दौड़ा कर बेशर्मी से पीटा गया।

माले नेता यादव ने कहा कि जब बिना परीक्षा के सरकार ने रिजल्ट जारी किया, तो उन छात्रों के साथ भेदभाव क्यों हो रहा है। इस तरह के भेदभाव से बच्चों पर बुरा असर पड़ेगा। उनके हौसले टूट जाएंगे।

इसलिए दोषियों के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई कर बर्खास्त किया जाए। मौके पर मोहन प्रसाद ठाकुर, धीरज पासवान, मनोवर राय, भोला सिंह, विशाल कुमार, फरीद राय, इरशाद राय, सुमित कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *