बाबा हरिहरनाथ की जयकारे से गूंज उठा सोनपुर का हरिहर क्षेत्र
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावणी शिवरात्रि के अवसर पर 23 जुलाई को लाखों श्रद्धालुओं ने सारण जिला के हद में सोनपुर के गंगा एवं गंडक नदियों में पवित्र डुबकी लगायी। वहीं सोनपुर के काली घाट सहित दर्जनाधिक घाटों पर श्रद्धालुओं ने नदी तट पर स्नान ध्यान की।
बताया जाता है कि इस दौरान बाबा हरिहरनाथ के जयकारे से सम्पूर्ण हरिहर क्षेत्र गूंज उठा। भक्तों ने बड़ी संख्या में शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चन किया। इस अवसर पर सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारणों के साथ प्रातःकालीन बाबा हरिहरनाथ महादेव का रुद्राभिषेक आरती संपन्न कराया। जिसमें सैकड़ों भक्तों ने उपस्थित होकर दर्शन – पूजन किया।श्रावण माह की शिव रात्रि होने के कारण ग्रामीण इलाकों के शिव मंदिरों में शिव गुरु संस्था की महिला भक्तों ने शिव गुरु के भजन गाए और उनकी प्राप्ति के मार्ग बताए गए।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर से ठीक सामने दक्षिण सबलपुर हस्ती टोला के श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी में अवस्थित बाबा गंडकेश्वरनाथ महादेव की पूजा की गयी। दिन में शिव चर्चा भी होती रही। सबलपुर बभनटोली के शांति धाम गोरखाई नाथ परिसर में संगमेश्वर महादेव की पूजा एवं जलाभिषेक किया गया। बभन टोली में हीं अवस्थित बड़ा शिव मंदिर में पूजा -अर्चना के साथ जलाभिषेक करते भक्त गण देखे गए। पहलेजा धाम में गंगा नदी में स्नान के बाद बड़ी संख्या में भक्तों ने सर्व मनोकामना पूर्ण दूधेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया।
भरपुरा स्थित आशुतोष भूत भावन गौरीशंकर मंदिर में भी श्रावणी शिवरात्रि की भीड़ पूजा करती देखी गई। शाहपुर और शाहपुर जैंतिया में गजेन्द्र नाथ एवं नेहाल नाथ मंदिरों में जलाभिषेक एवं पूजा – अर्चना करते भक्तगण देखे गए। राहर दियारा चौक स्थित भूतेश्वर मही नाथ, सोनपुर स्टेशन गेट स्थित नर्मदेश्वर नाथ, कष्टहरिया मठ स्थित शिव परिवार, काली मंदिर स्थित महाकालेश्वर शिव लिंग एवं आपरूपी गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक एवं पूजा करने वालों की अपार भीड़ जुटी थी। श्रावणी शिवरात्रि पर सम्पूर्ण क्षेत्र शिवमय हो गया।
![]()













Leave a Reply