Advertisement

कसमार बीआरसी भवन जर्जर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) भवन पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

बताया जाता है कि उक्त भवन के कई हिस्से अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वहीं छत और दीवारों से प्लास्टर झड़ रहा है, जिससे यह कहना मुश्किल है कि यह भवन कब और किस पर गिर पड़े। बीआरसी भवन में कार्यरत शिक्षा विभाग के कर्मी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी निभाने को मजबूर हैं। भवन की स्थिति इतनी भयावह है कि कर्मचारी हर समय अनहोनी की आशंका में रहते हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे भवन गिरने का खतरा बढ़ जाता है।

स्थानीय कर्मियों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को मौखिक रूप से स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। यदि समय रहते भवन की मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था नहीं की गई, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मियों और स्थानीय रहिवासियों ने बोकारो जिला प्रशासन एवं उच्च शिक्षा विभाग से मांग की है कि जर्जर बीआरसी भवन की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी निर्दोष कर्मी की जान को खतरे में न डाला जाए। अब देखने वाली बात यह होगी कि शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही जागेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *