प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा 13 जनवरी को जरूरतमंद विकलांग, लाचार, गरीब मजदूरों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
मालूम हो कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए तेनुघाट और आसपास के गरीबों के बीच न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा कंबल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला जज प्रथम फहीम किरमानी तथा कुटुंब न्यायालय प्रेम नाथ पांडेय ने बताया कि झालसा के निर्देशानुसार बढ़ती ठंड और शीत लहर की तीव्र हवाओं को देखते हुए गरीब एवं असहाय जनों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मौके पर अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति के सचिव सह एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने कहा कि झालसा और बोकारो जिला जज की प्राथमिकता हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंदो की सहायता करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसेवा का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा और बेरमो अनुमंडल के हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बुजुर्गो के बीच कंबल का वितरण कर इस कंपकंपाती ठंड से थोड़ा राहत देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनसेवा कार्यों में निरंतर जरूरतमंदो के बीच सेवा देने का प्रयास हमेशा जारी रहेगा।

कंबल वितरण के अवसर पर जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, जिला जज तृतीय नीरज कुमार, एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति, मुंसिफ शिवराज मिश्रा, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय सहित न्यायिक कर्मी उपस्थित रहे। यहां बच्चू प्रसाद यादव, कुंती देवी, बालेश्वर ठाकुर, लीला देवी, उर्मिला देवी, शांति देवी, सुरेन्द्र पांडेय, रामलाल करमाली, हरि किशन, देवराज, लाल कुमार वर्मा, पार्वती देवी, सुरेन्द्र भोगता सहित अन्य जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके। कंबल पाकर गरीब एवं असहाय जनों ने न्यायिक पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
![]()













Leave a Reply