Advertisement

सेवा भारती द्वारा रीतुडीह मछली पट्टी में बाल संस्कार केन्द्र का उद्घघाटन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वयंसेवी संस्था सेवा भारती बोकारो महानगर गरीबी रेखा से नीचे जीवन- यापन कर रहे जरूरतमंद लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वावलम्बन के माध्यम से सेवारत है। उसी कड़ी में 28 जून को बोकारो जिला (Bokaro district) मुख्यालय के समीप स्थित रीतुडीह पंचायत के मछली पट्टी, वार्ड-4 में एक बाल संस्कार केन्द्र की शुरुआत की गई।

केन्द्र का उद्घघाटन मुख्य अतिथि रीतुडीह पंचायत की मुखिया एवं समाजसेवी रेणु सिंह, सेवा भारती सचिव राम वचन सिंह एवं स्वास्थ्य आयाम प्रमुख शिव शंकर प्रसाद द्वारा मंत्रोच्चार के बीच भारत माता एवं सरस्वती माता के समक्ष संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि कर किया गया। इस अवसर पर केन्द्र के बच्चों ने ब्रह्मनाद, गायत्री मंत्र एवं सरस्वती वन्दना प्रस्तुत किया।

संस्था के सचिव द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों का अभिनन्दन एवं स्वागत करते हुए सेवा भारती द्वारा किये जा रहे सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। सर्व सम्मति से इस केन्द्र का नामकरण बाबू कुँवर सिंह बाल संस्कार केन्द्र एवं पिंकी कुमारी को शिक्षिका रखा गया।

मौके पर मुख्य अतिथि रेणु सिंह ने कहा कि आज सेवा भारती सामाज के सबसे कमजोर, उपेक्षित एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को सुधारने का पुनीत कार्य निःस्वार्थ भाव से कर रही है। आज के बच्चे देश के भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देकर सेवा भारती आदर्श सेवा भावी एवं राष्ट्रभक्त नागरिक निर्माण करने की दिशा में अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्त्तव्य बनता है कि अन्तिम पायदान पर रह रहे व्यक्ति को समाज व राष्ट्र के मुख्य धारा में लाने में सेवा भारती सहयोगी बने। शिव शंकर प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति व समाज राष्ट्र की पूंजी होती है।

राष्ट्र आतंकवाद, राष्ट्र- विरोधी शक्तियों से एवं विदेशी षड्यंत्रकारियों से त्रस्त है। इसका समाधान अपना समाज सबल एवं सशक्त हो, यही हम सब का लक्ष्य व कर्त्तव्य है।

अंत में सभी बच्चों को कॉपी, पेन्सिल और रबर दिया गया। सभी बच्चों, शिक्षिका, निरीक्षक, कार्यकर्ताओं और अभिभावकों को मिष्ठान दिया गया। कार्यक्रम में कृष्णा कुमार, रोशनी कुमारी, पिंकी कुमारी, पंकज कुमार, विक्की सिंह, मनीष कुमार एवं अन्य कार्यकर्त्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। निरीक्षक कृष्णा कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *