प्रहरी संवाददाता/गोमियां (बोकारो)। श्रमिक की उपेक्षा इंटक कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। देश के मजदूरों का हक और अधिकार की लड़ाई इंटक लड़ता रहा है। ऐसी परिस्थिति में इंटक की उपेक्षा करना आईएल (IEL) प्रबंधन को महंगा पड़ेगा। उक्त बातें 12 सितंबर को इंटक नेता एवं राकोमसं सीसीएल सचिव (CCL Secretary) अजय कुमार सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि गोमियां स्थित आई एल प्रबंधन मजदूरों को मिल रही सुख-सुविधाओं पर लगातार हमला कर रही है। मनमाने ढंग से प्रबंधन अपना निर्णय मजदूरों पर थोपना चाहती है, जबकि हाल के दिनों में आई एल में अधिकांश मजदूरों ने इंटक में आस्था प्रकट करते हुए संगठन की सदस्यता ली है।
उन्होंने कहा कि बेरमो विधायक सह इंटक के राष्ट्रीय सचिव कुमार जंगल उर्फ अनूप सिंह के नेतृत्व में मजदूर आंदोलन को गति मिलेगी। जिससे उद्योग और मजदूर विरोधी नीति का व्यापक पैमाने पर विरोध संभव हो सकेगा।
सिंह ने कहा कि 13 सितंबर को गोमियां आई एल के मुख्य द्वार को आंदोलन के माध्यम से चक्का जाम किया जाएगा। औद्योगिक अशांति की जवाब देही स्थानीय प्रबंधन की होगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए और श्रमिकों के अधिकार की रक्षा के लिए राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ कटिबद्ध है।
विधायक अनूप बाबू के नेतृत्व में यह आंदोलन ऐतिहासिक होगा। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के सभी मजदूर एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है।
मजदूर आंदोलन को गति देने के लिए कथारा क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में यूनियन और पार्टी के सदस्य शरीक होंगे। उन्होंने कहा कि इस आन्दोलन में मजदूरों के चट्टानी एकता का शक्ति का एहसास आईएल प्रबंधन को कराया जाएगा।
![]()












Leave a Reply