चुनाव जीतूंगा तो नही लूंगा सरकारी सुविधा-मृणाल कान्ति देव

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। सोशलिस्ट पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय मंत्री मृणाल कांति देव ने 28 फरवरी को बोकारो जिला के हद में तेनुघाट में प्रेस वार्ता कर कहा कि झारखंड में होने वाले आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी पूरी तरह से तैयार है।

देव ने कहा कि अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को सरकारी मान्यता के लिए एक एकड़ भूमि की मंजूरी की जायेगी। साथ ही जिन बालिका विद्यालयों में कम से कम 50 छात्राएं भी अध्ययनरत रहेंगी, उन विद्यालयों को भी सरकारी मान्यता दी जायेगी।

इसके अलावा उन्होंने अपने घोषणा पत्र के माध्यम से कहा है कि अगर वे लोकसभा और विधानसभा का चुनाव जीतते है तो वे कभी सरकारी वेतन और पेंशन नही लेंगे, न ही वे सरकारी आवास में जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे किसी प्रकार का सरकारी चिकित्सा भत्ता, टीए-डीए और सरकारी अंगरक्षक भी नही लेंगे।

उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी लोहिया गरीबों की पार्टी है, इसलिए वे गरीबों के दुखों को भलीभांति समझते हैं। उनकी पार्टी गरीबों के लिए कई तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा करते रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के अभाव में झारखंड के युवा दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं, जिससे कभी कभी उन्हें इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। परिवार को बेबसी के अलावा कुछ नहीं मिलता है।

कहा कि आज भी झारखंड की गरीब लड़कियों की शादी पैसे के अभाव में नही हो पा रही है। या फिर जैसे तैसे घरों में होती है। वहीं यहां के किसान कृषि उपकरण के अभाव में खेती नही कर पा रहे हैं। सरकार की कथनी और करनी में काफी फर्क देखने को मिल रहा है। कहा कि सोशलिस्ट पार्टी ऑफ लोहिया इन सभी समस्याओं को बारीकी से देख रही है। समय आने पर इन सभी समस्याओं का समाधान भी करेंगी।

मृणाल कांति देव ने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार ने अपने चुनावी वादों में बहुत सारी बाते राज्य की जनता के समक्ष कही थी, लेकिन उनका किया हुआ वादा आज एक भी पूरा होता नही दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो प्राथमिकताओं के आधार पर सभी जन समस्याओं का समाधान किया जायेगा। उन्होंने राज्य के आम जनमानस से उनकी पार्टी को भरपूर समर्थन देने की अपील की है।

 62 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *