Advertisement

विश्व हिंदी दिवस पर प्लांट में हिंदी परिचर्चा एवं वृत्त-चित्र प्रदर्शन का आयोजन

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को डीवीसी के बोकारो थर्मल प्लांट सम्मेलन कक्ष में हिंदी परिचर्चा एवं वृत्त-चित्र प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, उप महाप्रबंधक शिव प्रसाद महापात्र, वरिष्ठ प्रबंधक (वित्त) सुशील कुमार, प्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ संज्ञा दाश, राजभाषा नोडल अधिकारी आरती रानी तथा आमंत्रित वक्ताओं द्वारा मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर हिंदी का उद्भव एवं उसका क्रमागत विकास विषय पर आयोजित हिंदी परिचर्चा में पाँच वक्ताओं ने हिंदी भाषा के ऐतिहासिक एवं भाषा वैज्ञानिक विकास पर क्रमबद्ध विचार प्रस्तुत किए। यहां शिव मोहन गुप्त ने हिंदी के भाषा वैज्ञानिक उद्भव पर प्रकाश डाला। प्रतिमा ठाकुर ने अपभ्रंश से प्रारंभिक एवं मध्यकालीन हिंदी के विकास पर वक्तव्य दिया। मनोज कुमार गुप्ता ने खड़ी बोली एवं आधुनिक हिंदी के स्वरूप पर चर्चा की। डॉ अरुण रंजन ने हिंदी की बोलियों एवं लिपियों के विकास की व्याख्या की, जबकि अरविंद कुमार यादव ने आधुनिक हिंदी के गद्य–पद्य तथा हिंदी के वैश्विक विस्तार पर अपने विचार रखे।

परिचर्चा के दौरान हिंदी साहित्य की परंपरा : रामचरित मानस के स्वर में विषय पर एक प्रभावशाली वृत्त-चित्र का प्रदर्शन किया गया, जिसमें रामचरित मानस के दोहों एवं चौपाइयों के माध्यम से हिंदी के जन-जन तक प्रसार को रेखांकित किया गया। प्रस्तुति में रामानंद सागर कृत रामायण धारावाहिक के चयनित संगीतों का प्रभावी उपयोग किया गया, जिसे उपस्थित श्रोताओं ने सराहा।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने कहा कि परिचर्चा के माध्यम से गहन विचार-विमर्श कर सार्थक निष्कर्षों तक पहुँचना संभव होता है तथा इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन अन्य विभागों में भी किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी वक्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी परिचर्चा और वृत्तचित्र के संयोजक दीनानाथ शर्मा, सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी), परिचालन अनुभाग द्वारा किया गया। अंत में डॉ संज्ञा दाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डीवीसी बोकारो थर्मल के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *