Advertisement

पहली बरसात में ही हाजीपुर शहर व् नगर परिषद हुआ पानी पानी

वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में दारू बंदी के दावे की खुली पोल

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। मानसून की पहले झमाझम बारिश 16 जुलाई को पूरे वैशाली जिले में देखने को मिला है। बारिश की शुरुआत दोपहर 12 बजे से शुरू हुई जो संध्या 3 बजे तक दमदार उपस्थिति दर्ज किया है।

इस मूसलाधार बारिश ने जिला मुख्यालय हाजीपुर की नगर व्यवस्था की पोल खोल दी है। हाजीपुर शहर के मध्य स्थित जिला समाहरणालय परिसर और न्यायालय परिसर में घुटनों तक लबालब पानी भर गया। मुख्य न्यायिक दंडाअधिकारी के इजलास के सामने और बगल के कोर्ट रूम में बारिश का पानी घुस गया।

बताया जाता है कि भारी बारिश से हाजीपुर शहर के कई प्रमुख मार्ग और मोहल्ले तालाब में तब्दील हो गए, जिससे आमजन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। नगर परिषद के पूर्व में किए गए दावों की असलियत बारिश के पहले ही झोंके में सामने आ गई।

जानकारी के अनुसार हाजीपुर के अस्पताल रोड, गांधी चौक, सिनेमा रोड, बौलिया रोड जैसे प्रमुख इलाकों में बारिश के कुछ ही घंटों बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। गांधी चौक से अस्पताल रोड तक की दूरी तय करना आमजन के लिए किसी संघर्ष से कम नहीं रहा। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर जल जमाव के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। शहर की हालत यह रही कि बाइक सवार, रिक्शा चालक और पैदल चलने वाले राहगीर कीचड़ और पानी से जूझते नजर आए।

ज्ञात हो कि, बारिश से पहले हाजीपुर नगर परिषद द्वारा दावा किया गया था कि सभी नालों की सफाई कर ली गई है, लेकिन जमीनी सच्चाई इसके एकदम उलट साबित हुई।बरसात शुरू होने के कुछ देर बाद ही हाजीपुर शहर के गांधी आश्रम, बाग दुल्हन, पोखरा मोहल्ला, शाही कॉलोनी, गुदरी इत्यादि मोहल्ला के रहवासियों के मकान में पानी घुस गए, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वर्षा रुकते ही नगर परिषद की ओर से सम्हरणालय परिसर और न्यायालय परिसर का पानी निकालने के लिए बड़े-बड़े टैंकर और शाकर मशीन लगाए गए। बरसात रुकने के बाद हाजीपुर नगर परिषद की सभापति संगीता कुमारी और सिटी मैनेजर सहित अन्य नगर परिषद के कर्मचारी शहर से पानी की निकासी की व्यवस्था में जुट गए। सर्किट हाउस के नजदीक जाम नाले को जेसीबी द्वारा खुदाई कराया गया। साथ ही जहां-जहां पानी का निकासी मार्ग बंद था, उसे चालू करवाया गया।

तब जाकर मुख्य सड़क पर लगा पानी खत्म हो पाया, लेकिन आश्चर्य यह कि पानी निकालने के बाद नाले का कीचड़ सड़कों पर जमा हो गया, जिस वजह से पैदल चलने वाले राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एक अन्य जानकारी के अनुसार आज तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वैशाली जिला के हद में बिदुपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के 17 वर्षीय छात्र की मौत की सूचना प्राप्त हुई है।

बताया गया है कि मृत युवक मोहनपुर गांव रहिवासी प्रमोद पासवान का पुत्र देव कुमार था, जो ट्रैक्टर के लिए डीजल लेने बाजार गया था। इस दौरान बारिश से बचने के लिए वह एक पीपल के वृक्ष के नीचे ठहरा था, जहां आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई तथा एक अन्य युवक भी झुलस गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *