“इंडियन राउंड” 50 मीटर व्यक्तिगत तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीता गोल्ड
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी प्रखंड निवासी गोल्डी मिश्रा ने गुजरात में चल रहे 36 वें नेशनल गेम्स में गोल्ड मैडल हासिल किया है।
गोल्डी ने यह गोल्ड 4 अक्टूबर को आयोजित “इंडियन राउंड” 50 मीटर व्यक्तिगत तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीता है। इस जीत ने नेशनल गेम्स में उन्होंने झारखंड का परचम लहरा दिया है। गोल्डी ने राज्य के साथ-साथ बोकारो जिले का भी मान बढ़ाया है।
गोल्डी के इस जीत की सूचना पर बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी (Bokaro District Deputy Commissioner Kuldeep Choudhary) ने गोल्डी से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी। भविष्य के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी।
उपायुक्त चौधरी ने कहा कि गोल्डी के जिला वापसी पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीरंदाजी प्रतियोगिता में गोल्डी ने राज्य और बोकारो को एक अलग पहचान दिलाई है। आज का दिन बोकारो के लिए सदैव महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने गोल्डी के कोच महेंद्र करमाली को भी साधुवाद दी है।
उधर,गोल्डी के गोल्ड जीतने की खबर आने के बाद से ही खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। चंदनकियारी प्रखंड में राज्य सरकार (State Government) द्वारा संचालित तीरंदाजी डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े खिलाड़ियों एवं गोल्डी के साथी खिलाड़ियों में भी इसको लेकर प्रसन्नता है।
उल्लेखनीय हो कि, गोल्डी मिश्रा जिले के चंदनकियारी प्रखंड के हद में राज्य सरकार द्वारा संचालित तीरंदाजी डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें हर संभव सुविधा मुहैया कराया जाता है। वर्तमान में गुजरात में संचालित 36 वें नेशनल गेम्स में जिले से दो खिलाड़ी गोल्डी मिश्रा व अनु सिंह “इंडियन राउंड “तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
![]()












Leave a Reply