राजकीय सम्मान के साथ होमगार्ड जवानों का अंतिम संस्कार

प्रहरी संवाददाता/सोनपुर (सारण)। बीते 13 अप्रैल को बैंक लुटेरों की गोली से मृत दोनों होमगार्ड जवानों को सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के पहलेजा घाट में 14 अप्रैल को गंगा नदी किनारे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

ज्ञात हो कि सोनपुर रेलवे चिकित्सालय के समीप पंजाब नेशनल बैंक शाखा से पांच की संख्या में आए बदमाशों ने लूटपाट के दौरान अपराधियों ने ड्यूटी पर तैनात दोनों होमगार्ड जवानों को गोली मार दी थी। मृतक होमगार्ड के जवानों का शव उनके घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृत जवानो के गांव में पूरी तरह से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार हजारों की संख्या में ग्रामीण मृतक होमगार्ड जवानों की शव यात्रा में शामिल हुए। होमगार्ड जवान की अंतिम विदाई देने पहुंचे थानेदार विश्व मोहन भी फूट-फूटकर रो पड़े। वहीं स्थानीय रहिवासियों ने हाथों में तिरंगा झंडा लिए मृतक जवान महेश साह अमर रहे, रामनरेश राय अमर रहे के नारे लगाते हुए शव यात्रा में चल रहे थे।

मृतक जवान राम नरेश (57 वर्ष) सोनपुर थाना के हद में सैदपुर गांव निवासी स्व. तोखन राय के पुत्र थे। जिनका सिपाही संख्या 27/47 है। जो इसी वर्ष 2023 के ही मई में सेवानिवृत होने वाले थे। इनकी चार पुत्री है। सभी की शादी हो गई है। जबकि दो पुत्र है। मृतक सोनपुर थाना में ड्यूटी पर तैनात थे। इनको गोली सर में लगी थी।

उनकी कमाई से उनके परिवार का भरण पोषण चल रहा था। बड़ा पुत्र मजदूरी करता है, तथा छोटा पढ़ाई कर रहा है। मृतक होमगार्ड जवानो के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में रहिवासी शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार उक्त घटना में दूसरे मृतक होमगार्ड 55 वर्षीय महेश साह चंद्रवंशी साह का पुत्र है।दूसरी तरफ पुलिस ने 14 अप्रैल को सोनपुर बाई पास से लावारिश अवस्था में एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

आशंका है कि बैंक लुटेरों ने लूटपाट के समय सवारी के रुप में उपरोक्त मोटरसाइकिल का उपयोग किया था। इस अवसर पर सोनपुर के राजद विधायक डॉ रामानुज प्रसाद ने पंजाब नेशनल बैंक सोनपुर में लूट कांड के दौरान बैंक गार्ड गोविन्दचक घेघटा निवासी महेश साह एवं सैदपुर नौडीहा निवासी नरेश राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें शहीद बताया।

उन्होंने पहलेजा घाट पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी एवं ईश्वर से प्रार्थना किया कि इस संकट की बेला मे उनके परिवार को धैर्य एवं दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 262 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *