भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री का पूर्व सांसद ने किया स्वागत

एन.के.सिंह/फुसरो (बोकारो)। झारखंड प्रदेश (Jharkhand Pradesh) भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश और महामंत्री प्रदीप वर्मा के देवघर और संथाल परगना कार्यक्रम में जाने के दौरान 4 सितंबर को बोकारो जिला के हद में सेंट्रल कॉलोनी मकोली स्थित चपरी रेस्ट हाउस में भाजपा गिरिडीह के पूर्व सांसद व् कार्यकर्ताओं ने पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और श्रीफल देकर स्वागत किया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जेवीएम का विलय भाजपा में हो चुका है। इसकी मान्यता चुनाव आयोग के द्वारा भी दे दी गई है। जो लोकतांत्रिक संस्था माना जाता है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वीकृति मिल गया है। पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर इन्हें नेता प्रतिपक्ष नहीं माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम सोरेन जान बूझकर बाबूलाल मरांडी को प्रतिपक्ष का नेता नहीं बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड मे भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ है। महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन हर मुद्दे पर विफल हैं। सिर्फ और सिर्फ अपने परिवारिक लाभ और अपने सुख सुविधा के लिए कार्य कर रहे हैं।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का सुख भोगने के लिए कार्य नहीं करती है। कहा कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से पस्त हो चुकी है। स्थिति भयावह है और भय के वातावरण में राज्य की सवा तीन करोड़ जनता जीने को विवश है।

हेमंत सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में नक्सली खुलेआम तांडव मचा रहे हैं। राज्य में पूरी तरह से जंगल राज स्थापित हो चुका है। हेमंत सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के बजाय बिचौलिया प्रधान राज्य बन चुका है।

यहां पैसे लेकर ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग चलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि पैसे के लिए विधवा विलाप करने वाली हेमंत सरकार ट्रांसफर-पोस्टिंग का इतिहास रचने पर आमादा है। इसी वजह से आज प्रदेश में आदिवासी और अनुसूचित जाति की बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। राज्य में आदिवासियों का नरसंहार हो रहा है।

आदिवासियों और अनुसूचित जाति, जनजाति के विकास के नाम पर वोट हासिल कर सत्ता पर काबिज होने वाली हेमंत सरकार आदिवासी और अनुसूचित जाति, जनजाति विरोधी है। प्रकाश ने राज्य सरकार पर किसान विरोधी कार्य करने का भी आरोप लगाया। कहा कि राज्य में घोटालों की इतिहास रची जा रही है।

मौके पर स्वागत करने वालों में पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, जिलाध्यक्ष भरत यादव, महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष गिरजा देवी, वरीय नेता मधुसूदन प्रसाद सिंह, विनय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जगन्नाथ राम व विनोद महतो, जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, फुसरो नगर अध्यक्ष भाई प्रमोद सिंह, दिनेश सिंह, रामकिंकर पांडेय, रवीन्द्र सिंह, अशोक सिंह, अरुण कुमार, सुमित सिंह, रोहित मित्तल, अजंनी सिंह, सुरेश दूबे आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 349 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *