पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने कोयला खान मंत्री से मिलकर की चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की माँग

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम पूर्व जिलाध्यक्ष गोविन्द पाठक ने नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री सतीश चंद्र दुबे से भेंट की। केंद्रीय मंत्री से भेंट में उन्होंने जिला के हद में गुवा क्षेत्र के जन समस्याओं के निराकरण की मांग की।

पूर्व जिलाध्यक्ष पाठक ने सेल, गुवा लौह अयस्क खान में ठेका मजदूर चयन और ठेका मजदूरों के कामकाजी मजदूरों के साथ ठेकेदार और क्षेत्रीय यूनियन द्वारा शोषण, न्यूनतम मजदूरी कानून की अवहेलना के संदर्भ मे विस्तृत चर्चा करते हुए मंत्री को ज्ञापन सौंपा। साथ ही चर्चा करते हुए सेल गुवा लौह अयस्क खान में स्थानीय युवाओं और मजदूरों को ठेकेदार और क्षेत्रीय यूनियन द्वारा शोषण की समस्या को उजागर किया।

बताया कि गुवा में ठेका मजदूरी कार्य आवंटन प्रणाली में स्थानीय प्रबंधन की नियमावली में खामियां है, जिसका प्रभाव मजदूरों पर पड़ रहा है। भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष पाठक ने कहा कि जब सेल प्रबंधन ठेका कार्य की निविदा जारी करता है, तो ठेकेदार इसे न्यूनतम मजदूरी दर से भी कम लगभग 50 प्रतिशत पर स्वीकार कर लेते हैं। इसके बाद, मजदूर चयन प्रक्रिया में पैसे लेकर मजदूरों का चयन ठेकेदार और यूनियन द्वारा किया जाता है।

जिससे स्थानीय युवा बेरोजगार रहते हैं और जो मजदूर कार्यरत हैं, उन्हें न्यूनतम मजदूरी से कम में काम कराया जाता है। उक्त सभी मामलों की जानकारी सेल प्रबंधन को होने के बावजूद उनकी भूमिका उदासीन रहती है, क्योंकि प्रबंधन खदान का कार्य कम खर्च में करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में सभी अपना-अपना हित साध रहे हैं, जिससे भ्रष्टाचार और शोषण चरम पर है। पूर्व जिलाध्यक्ष ने भ्रष्टाचार और शोषण के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार से लिप्त सभी निविदाओं को
निरस्त करने की माँग की है। जिनमें मजदूरों के चयन प्रक्रिया पारदर्शी और स्थानीयता के आधार पर किए जाने की अपील केंद्रीय मंत्री से की है। मौके पर गुवा रहिवासी टींकू व अन्य कई उपस्थित थे।

 54 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *