खाद्य आयोग सदस्या ने की पाकुड़ तथा साहेबगंज में बैठक

कोई भुखा न रहे, इसकी जबाबदेही जिला प्रशासन की-शबनम परवीन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड राज्य खाद्य आयोग की सदस्या शबनम परवीन ने 23 जुलाई को पाकुड़ तथा साहेबगंज में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को वर्षा ऋतु के दौरान ग्रामीण हलकों के रहिवासियों को होनेवाले खाद्यान संकट से निपटने के निर्देश दिए।

झारखंड राज्य खाद्य आयोग सदस्या शबनम परवीन सर्वप्रथम साहेबगंज पहुंची। यहां उन्होंने जिला परिसदन में अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। उन्होंने झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष के जिला स्तर पर आवंटन की स्थिति, पंचायत स्तर पर राशि की उपलब्धता और व्यय की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उद्देश्य समाज के सबसे पिछले तबके के गरीब गुरबो को खाद्य सुरक्षा प्रदान करना है।

इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने यहां जिला स्तर पर खाद्यान की उपलब्धता की अधतन जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद आयोग सदस्या शबनम पाकुड़ स्थित परिसदन में बैठक कर झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष के जिला स्तर पर आवंटन की स्थिति, पंचायत स्तर पर राशि की उपलब्धता और व्यय की समीक्षा की। यहां उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उद्देश्य समाज के पिछले तबके के जरूरतमंदो को खाद्यान उपलब्ध कराना है।

इसको सही ढंग से लागू करना अधिकारियों की ड्यूटी ही नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चत करें कि जिले अथवा क्षेत्र में खाद्यान्न के अभाव में कोई न रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि आप ऐसा प्रयास करें कि किसी भी लाभुक को दिक्कत न हो।

राशन कार्ड नहीं रहने पर भी कोई भुखा न रहे। कहा कि जिला प्रशासन का यह दायित्व बनता है कि वैसे जरूरतमंदो को बाजार से खाद्यान्न उपलब्ध कराएं तथा राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।

इस अवसर पर उन्होंने जिले के सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी से प्रखंड में राशि की उपलब्धता की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिया।

इस अवसर पर आयोग सदस्या ने झारखंड आकस्मिक खाद्यान्न कोष का सही से उपयोग करने, सभी खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को प्रभावित क्षेत्र के रहिवासियों में योजनाओं का विभिन्न माध्यमों से वृहत प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जितने भी पुराने शिकायतें लंबित है सभी शिकायतों का निवारण 15 दिनों के अंदर करना सुनिश्चित करें।

मौके पर अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी जेम्स सुरीन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, एसएमपीओ पवन कुमार, सभी प्रखंड के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

 119 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *