सऊदी अरब में फंसे भीम ठाकुर के परिजनों ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। अपने माता-पिता एवं परिवार जनों के अरमानों एवं सपनों को साकार करने के लिए विदेश जाने वाले हजारीबाग जिला के हद में बिष्णुगढ थाना क्षेत्र के सिरैय रहिवासी भीम ठाकुर दलालो के चंगुल में फंस गये हैं।

दलालो के चंगुल में फंसे ठाकुर के परिजनों ने झारखंड राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष की समन्वयक शिखा लकड़ा रोशनी से मिलकर सकुशल घर वापसी के लिए सरकार से गुहार लगाई है।

बताते चलें कि बच्चों की ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए एक खुशहाल जिंदगी का सपना लिए बिष्णुगढ प्रखंड के हद में सिरैय रहिवासी स्वर्गीय छत्रु ठाकुर के 35 वर्षीय पुत्र भीम ठाकुर पिछले नौ महीने पूर्व सऊदी अरब कमाने के लिए गए थे।तब उसे लगा था कि हम वहां कमा कर अपने बच्चों का पेट पाल सकते हैं।

लेकिन उसको क्या पता था कि सऊदी अरब जाने के कुछ दिन बाद ही उसका मालिक हैवान बन जाएगा और उसको यातनाएं देगा। तड़पता भीम अपने परिजनों को मोबाइल से फोन करता है और गुहार लगाता है कि मेरी मदद कीजिए। हमें बचा लीजिए। अब परिवार वाले भी सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

भीम की विधवा माता चिंता देवी ने 3 अगस्त को बताया कि एक वर्ष पूर्व एजेंट के माध्यम से उनका पुत्र सउदी अरब गया था। जहां उसे बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है। न ही उसे वेतन दिया जा रहा हैं और न ही ठीक ढंग से खाने पीने दिया जा रहा हैं। उपर से विरोध करने पर उसे यातनाएं झेलनी पर रही है। बेटे ने फोन पर उन्हें बताया कि कफील (मालिक) ने उसके उपर मुकदमा कर दिया है।

ज्ञात हो कि भीम परिवार का इकलौता चिराग है, जो परिवार का पालन पोषण के लिए रोजी रोटी की तलाश में सऊदी गया था। इधर उसके पिता भी चल बसे। भीम के छोटे- छोटे दो पुत्र प्रिंस कुमार (9 वर्ष) और प्रतिक कुमार (6 वर्ष) है।

प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकन्दर अली ने कहा कि विदेशों में झारखंड के प्रवासी मजदूरों को बंधक बनाने और वेतन नहीं देने के मामले हमेशा सामने आते रहे हैं। विदेश में नौकरी की जांच-पड़ताल किए बगैर एजेंट पर भरोसा करने वाले कई रहिवासी वहां मुश्किल में फंस रहे हैं।

उन्होंने सरकार से मदद करने की अपील की है। कहा कि अभी भी सऊदी अरब में झारखंड के 43 मजदूर फंसे हुए हैं। ऐसे में तत्काल सभी फंसे मजदूरों की सकुशल वतन वापसी करायी जाय।

 67 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *