राजेंद्र हाई स्कूल में सतर्कता जागरूकता के तहत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित राजेंद्र हाई स्कूल में सीसीएल कथारा क्षेत्र द्वारा 28 अगस्त को सतर्कता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उक्त जानकारी देते हुए कथारा क्षेत्र के विभागाध्यक्ष सीएसआर सह नोडल अधिकारी सतर्कता विभाग चंदन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाना और ईमानदारी के मूल्यों को प्रोत्साहित करना था। उन्होंने बताया कि निबंध लेखन के लिए तीन विषय भ्रष्टाचार: हमारे समाज की सबसे बड़ी चुनौती, ईमानदारी: व्यक्तित्व की सबसे बड़ी संपत्ति तथा युवा पीढ़ी का भ्रष्टाचार के खिलाफ योगदान शामिल था।

सीएसआर अधिकारी ने बताया कि छात्रों को इन तीनों विषयों में से किसी एक विषय पर निबंध लिखने का विकल्प दिया गया था। प्रतियोगिता में कुल 120 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल थे।

आयोजित कार्यक्रम की सफलता में राजेंद्र हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह तथा शिक्षक कमल किशोर गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर महाप्रबंधक कार्यालय कर्मी सबा मकदूम, अमित टोप्पो और विक्रम कुमार ने आयोजन में विशेष सहायता की।

इस आयोजन के दौरान छात्रों को न केवल निबंध लेखन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, बल्कि सतर्कता जागरूकता अभियान के महत्व और उद्देश्य के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी), सिसजेल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) और कथारा के महाप्रबंधक संजय कुमार का संदेश भी छात्रों को सुनाया गया। संदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। उन्हें ईमानदारी की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।

ज्ञात हो कि, सतर्कता जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाना और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण आदि शामिल हैं।

इन गतिविधियों के माध्यम से न केवल छात्रों बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाता है। बताया जाता है कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना है, ताकि वे अपने जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता को अपनाएं और भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूत दीवार खड़ी करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित गणमान्य जनों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना योगदान देने की शपथ ली और सतर्कता जागरूकता अभियान के उद्देश्य को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 69 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *