चंदवा मे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-फितर का पर्व

ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर दी गयी ईद की मुबारकबाद

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। लातेहार जिला के हद में चंदवा में ईद – उल – फितर का पर्व 11 अप्रैल को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सैंकड़ो की संख्या में मुस्लिम समाज के रहिवासियों द्वारा मस्जिद और ईदगाह पहुंचकर ईद की नमाज अदा की गई। साथ हीं देश में अमन और भाईचारे की दुआ मांगी गई।

जानकारी के अनुसार चंदवा प्रखंड के हद में बेलवाही स्थित मस्जिद में हाफिज मोहम्मद मोजम्मील ने ईद की नमाज अदा कराई। हाफिज ने रहिवासियों को ईद – उल – फितर की महत्व बताई।

उन्होंने बताया कि पवित्र रमजान के महीने में कुरान शरीफ की आयतें इस दुनिया मे आईं थी, जिनको रमजान के महीने में पढ़ा जाता है। इस त्योहार की सबसे बड़ी विशेषता फितरा और जकात संपत्ति का कुछ हिस्सा निकालकर असहायों और गरीबों के बीच वितरित कर उन्हें मदद करना है।

ईद की नमाज होने के बाद मुस्लिम समुदाय द्वारा एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गयी। घर जाकर अपने परिवार के बीच खुशियां बांटी गयी। मित्रों, संबंधियों के घर जाकर ईद की मुबारक दी गयी। बच्चों में ईद को लेकर काफी उत्साह दिखा।

ज्ञात हो कि, रमजान के पाक महीने में मुस्लिम समुदाय द्वारा महीने भर रोजा रखा जाता है और सच्चे मन से अल्लाह की इबादत करते हैं। रमजान के पवित्र महीने की तीसवें रोजे के दिन ईद का पर्व मनाया जाता है। यह पर्व त्याग, धैर्य और भाईचारा को मजबूत करता है।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अयुब खान ने ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व पर जिलेवासियों को बधाई दिया। मौके पर चंदवा थाना के एएसआई राम प्रसाद राम तथा नियुक्त मजिस्ट्रेट दल-बल के साथ सुरक्षा में तैनात थे।

 44 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *