खाओ पियो सटकर, वोट डालो हटकर-रघुवर दास

असुरबांध बाजारटांड़ में पूर्व मुख्यमंत्री ने की चुनावी नुक्कड़ सभा

एस. पी. सक्सेना/गिरिडीह (झारखंड)। वर्तमान झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में चारों तरफ लूट मची है। कोयला, बालू, जल, जंगल, जमीन हर ओर कमीशन खोरी हावी है। डुमरी की जनता इस उपचुनाव में हेमंत सोरेन को सबक सिखाने का काम करेगी।

उक्त बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कही। वे 2 सितंबर की संध्या गिरिडीह जिला के हद में डुमरी विधानसभा क्षेत्र के डुमरी-फुसरो मुख्य मार्ग पर पोरदाग के समीप स्थित असुरबांध बाजार टांड़ में नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे।

नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दास ने कहा कि डुमरी उपचुनाव को नोट तंत्र की बदौलत जनता का वोट ख़रीदने की कोशिश की जा रही है। डुमरी की जनता इसबार ऐसे तत्वों को सबक सिखाने का काम करे। इसलिए मेरा कहना है कि विपक्षी दल द्वारा जो मुर्गा दारू व पैसा की बारिश की जा रही है।

यहां की जनता खाओ पियो उससे सटकर और वोट डालो उससे हटकर। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा भटक गयी है। अब झामुमो का तात्पर्य झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी हो गया है। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर जनता से वादा खिलाफी का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि 4 साल पूर्व हेमंत सोरेन द्वारा 1932 खतियान लागू करने, स्थानीय नीति बनाने तथा प्रतिवर्ष 1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था,वह वादा कहां गया। हेमंत सोरेन सरकार जनता से धोखा किया है।

उन्होंने झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन पर तंज कसते हुए कहा कि जब उनके पिता हाजी हुसैन अंसारी मंत्री थे तब रांची के डोरंडा में उनके पुत्र जो वर्तमान में मंत्री हैं उनके द्वारा ठेके पर साढे आठ करोड़ की लागत से हज हाउस बनाने के नाम पर पैसे का बंदर वाट किया गया।

वहां के मुस्लिम भाइयों के आग्रह पर उस जगह पर उन्होंने 54 करोड़ की लागत से हज हाउस बनाने का काम किया। यह मेरी उपलब्धि थी। चाहे मुस्लिम भाई मुझे वोट दे यह ना दे। भाजपा कभी तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर चलती है।

भाजपा सरकार द्वारा चलाया गया तमाम योजना चाहे वह आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, आवास योजना अथवा कोई भी लाभकारी योजना हो, हर तबके, हर जाति को बिना किसी भेदभाव के लाभ मिलता है। भाजपा अथवा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी समाज को बांटने का काम नहीं किया है। आज राज्य की हेमंत सरकार समाज को बांटने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन लागू करने अथवा जमीन का म्यूटेशन के नाम पर जिला व् प्रखंड स्तर पर लूट मची है। शासन में कमीशन खोरी हावी है। इसे दूर करने के लिए उनकी सरकार द्वारा टोल फ्री नंबर जारी कर आम आदमी की शिकायतों की सुनवाई की जाती थी, ताकि उनके समस्याओं का निराकरण जमीनी स्तर पर हो सके।

आज हेमंत सरकार ने इस व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब दलित विरोधी है। चार साल में हेमंत सरकार द्वारा ना तो स्थानीय नीति बनाई गई है, और ना ही नियोजन नीति। सबसे बड़ा आश्चर्य है कि बिना आर्थिक व जातीय आधार पर सर्वेक्षण का आरक्षण नीति लागू करना संभव नहीं है।

बावजूद इसके हेमंत सरकार 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का ढिंढोरा पीट रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष झारखंड में 33 प्रतिशत से कम वर्षा होने के कारण सुखाड़ की स्थिति बन गई है, इसलिए सरकार अविलंब झारखंड को सुखा ग्रस्त घोषित करें।

आगामी लोकसभा चुनाव में गिरिडीह से आजसू के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कन्नी काटते हुए कहा कि वर्तमान में उपचुनाव जीत लें, उनके बाद देखा जाएगा। मौके पर हजारीबाग सदर विधायक मनीष जयसवाल, गिरिडीह जिला महिला मोर्चा महामंत्री उषा कुमारी, बेरमो के भाजपा नेत्री डॉ उषा सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

नुक्कड़ सभा में भाजपा नेता सुनील पासवान, प्रदीप साहू, अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा बोकारो जिलाध्यक्ष काशी साव, असुरबांध पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार साव, रमजान अंसारी, याकूब अंसारी, लाल मोहम्मद, जगदीश महतो, रितेश रजक, हाजी अकबर अली, आलम चंद महतो, कौशल्या देवी आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

नुक्कड़ सभा का संचालन दिलीप कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन सेवानिवृत शिक्षक बम शंकर प्रसाद ने की। नुक्कड़ सभा के पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री का कारवां पोरदाग के राज फैमिली रेस्टोरेंट में जलपान ग्रहण कर रांची के लिए रवाना हो गया।

 

 244 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *