डीएसओ/डीसीओ ने की धान अधिप्राप्ति की प्रगति कार्य की समीक्षा बैठक

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। किसानों से धान क्रय करने की प्रक्रिया को तेज करते हुए इस दिशा में आने वाली परेशानियों को आपसी समन्वय के साथ दूर करें। धान क्रय के लक्ष्य को पूरा करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करें। उक्त बातें जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी रोशन कुमार साह (Roshan Kumar sah) ने 17 मार्च को कही। वे समाहरणालय स्थित सभागार में धान अधिप्राप्ति वित्तीय वर्ष 2020-21 की प्रगति कार्य की समीक्षा कर रहें थे। मौके पर जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रकाश कुमार, सभी पैक्सों के अध्यक्ष/सचिव, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी, जन सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, चावल मिल के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि जिले के कुल 4901 किसानों का निबंधन किया गया है। किसानों का निबंधन पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में ज्यादा हुई है। अब तक 2180 किसानों ने धान क्रय केंद्रों में धान दिया है। जिले के सभी क्रय केंद्रों से अब तक एक लाख 10 हजार 7 सौ 13. 53 क्विंटल धान का क्रय किया गया है।
पदाधिकारी द्वय ने बैठक के दौरान धान अधिप्राप्ति की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। कहा कि संबंधित अधिकारी एवं पैक्सों के अध्यक्ष/सचिव गंभीरता से इस दिशा में पहल करें। राज्य से जो लक्ष्य प्राप्त हुआ है उसे हर हाल में पूर्ण करना है। बताया कि किसानों की सुविधा के लिए गोमियां प्रखंड में अतिरिक्त दो पैक्सों में आज से धान क्रय कार्य शुरू किया जा रहा है। इसी के साथ जिले में कुल धान क्रय केंद्रों की संख्या 15 हो जाएगी।
उन्होंने सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी/प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं पैक्सों के अध्यक्ष/सचिव को धान क्रय केंद्र की पंजी संधारण में गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। प्रतिदिन कितना धान क्रय किया जा रहा है एवं कितना धान मिलिंग के लिए टैग किए गए मिलो में भेजा जा रहा है आदि का उल्लेख पंजी में स्पष्ट रूप से हो। द्वय पदाधिकारियों ने पंजी को अपडेट रखने एवं पर्यवेक्षण पदाधिकारियों को इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएसओ/डीसीओ ने सभी क्रय केंद्रों के अध्यक्ष/सचिव को किसानों को धान क्रय केंद्रों के संबंध में जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को बताएं कि क्रय केंद्रों में धान बेचने से उन्हें क्या फायदा होगा। सरकार का समर्थन मूल्य क्या है, बोनस राशि क्या है ? इसकी जानकारी किसानों को दें।
जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मियों को आपस में समन्वय स्थापित कर धान क्रय कार्य को गति देने की बात कही। बैठक में विभिन्न चावल मिलों के प्रतिनिधियों से भी अधिकारियों ने धान की मीलिंग एवं उसके भंडारण की जानकारी ली। उन्हें संबंधित पैक्सों से लंबित धान उठाव कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया।

 610 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *