गूगल मीट के माध्यम से उपायुक्त ने किया बैठक

सभी अधिकारी-कर्मी समन्वय बनाकर अभियान को बनाएं सफल-उपायुक्त
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। आगामी 25 मई से पांच जून तक जिले में डोर टू डोर जाकर रैपिड एंटीजन किट के माध्यम से लोगों का कोविड 19 जांच की जाएगी। इस अभियान का शुभारंभ 24 मई को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Jharkhand CM Hemant Soren) ऑनलाइन करेंगे। इसी की तैयारी को लेकर 23 मई को गूगल मीट के माध्यम से बोकारो जिला उपायुक्त राजेश सिंह ने बैठक की। वीडियो संवाद में पुलिस अधीक्षक चंदन झा, उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार पाठक, चास के अनुमंडल पदाधिकारी शशि प्रकाश सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी समेत सभी प्रखंडों के प्रखंड स्तरीय कोविड टास्क फोर्स के अध्यक्ष एवं सदस्य शामिल थे।
उपायुक्त राजेश सिंह ने मौके पर सिविल सर्जन डा. अशोक कुमार पाठक से कोविड 19 के डोर टू डोर सर्वे एवं जांच अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। इस क्रम में सीएस डा. पाठक ने बताया कि अभियान को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। सर्वे एवं जांच टीम गठित कर उन्हें प्रशिक्षण दिया गया है। कोविड प्रोटोकाल के अनुरूप उन्हें सेल्फ प्रोटेक्शन कीट आदि उपलब्ध कराया गया है। रिपोर्टिंग के लिए अलग-अलग प्रपत्र भी सभी प्रखंडों में गठित टीम को उपलब्ध करा दिया गया है। सर्वे दल एवं जांच दल के दायित्वों व कार्यों से भी अवगत करा दिया गया है। उपायुक्त सिंह ने कहा कि यह काफी महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें किसी भी स्तर से कोई लापरवाही नहीं हो यह सुनिश्चित करें। सभी संबंधित विभाग व उनके कर्मी आपस में समन्वय बनाकर इस अभियान को सफल बनाएं। बीडीओ/सीओ, सीडीपीओ एवं एमओआइसी समेत अन्य कर्मियों का इसमें अहम रोल है। कोविड 19 के थर्ड वेभ को नियंत्रित करने के लिए इस अभियान के लक्ष्य को पूरा करना आवश्यक है।
बैठक में उपायुक्त राजेश सिंह ने कहा कि सभी प्रखंडों के इंसीडेंट कमांडर सह बीडीओ/सीओ ने अब तक अपने क्षेत्र में सशक्त एवं कुशल नेतृत्व प्रदान किया है। इसे आगे भी जारी रखना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराएं गए प्रपत्र में सभी जानकारी स्पष्ट रूप से लिखते हुए प्रतिदिन शाम सात बजे तक अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से प्रतिवेदन कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा ने कहा कि इस कोरोना महामारी में अब तक के सभी कार्यों व दायित्वों का निर्वाहन पुलिस जवानों ने किया है। आगे भी एक परिवार, एक टीम की तरह सभी तैयारियों में पुलिस प्रशासन जिला प्रशासन के साथ है। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी प्रखंड स्तरीय कोविड टास्क फोर्स के अध्यक्ष सह बीडीओ/सीओ का सहयोग करेंगे। उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद एवं अनुमंडल पदाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने भी क्रमवार बैठक को संबोधित किया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार ने इस अभियान को पाइलेट प्रोजेक्ट के रूप में बोकारो एवं दुमका जिले के लिए लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा 24 मई को ऑनलाइन इसका शुभारंभ किया जाएगा। वह जिले के किसी एक पंचायत के सर्वे एवं जांच दल के सदस्यों से सीधे संवाद भी करेंगे। द्वय पदाधिकारियों ने जिन्हें जो दायित्व दिया गया है उसका पालन करने एवं राज्य एवं जिला स्तर से जो दिशा निर्देश दिया गया है उसका अनुपालन करने को कहा।
अनुमंडल पदाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने प्रखंड स्तरीय कोविड टास्क फोर्स के दायित्वों से सभी को अवगत कराया। कहा कि सर्वे एवं जांच कार्य के अलावा किसी के समक्ष भूखे सोने की स्थिति उत्पन्न नहीं हो यह भी सुनिश्चित करना है। पीएम गरीब कल्याण योजना के माध्यम से उपलब्ध अनाज को पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों के बीच वितरित करना है। क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे प्रवासी श्रमिकों के भोजन आदि के नियमित संचालन एवं मानीटरिंग की बात कहीं। वहीं, जांच एवं सर्वे दल को कहा कि अगर किसी पंचायत/गांव में सर्दी – खांसी/ आंख लाल/ खुजली आदि कोविड के लक्ष्ण मिलते हैं और एंटीजेन टेस्ट निगेटीव आता है फिर भी उनका विवरण संकलित करना है। ऐसे लोगों का जिला स्तर से ट्रूनेट एवं आरटी-पीसीआर जांच करवाया जाएगा। इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गई और जरूरी दिशा निर्देश दिया गया।

 251 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *