लोकतंत्र के मंदिर में हो रही है लोकतंत्र की हत्या-रामचंद्र ठाकुर

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड के स्वांग वन बी स्थित माकपा प्रखंड कार्यालय में 25 दिसंबर को बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता लखन महतो ने की। बैठक में मुख्य रूप से माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य रामचंद्र ठाकुर मुख्य रूप से शामिल हुए।

माकपा गोमियां लोकल कमेटी की बैठक में बीते दिनों संसद के भीतर 141 सांसदों के निलंबन की घोर निंदा की गई। बैठक में उपस्थित पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य रामचंद्र ठाकुर ने कहा कि देश के लोकतंत्र के मंदिर में 141 सांसदों का निलंबन होना लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा नीत केंद्र की मोदी सरकार येन-केन-प्रकारेण देश को जबरन विपक्ष विहीन करने पर तुली है।

उन्होंने कहा कि आज विश्व के पैमाने पर भारत की संसदीय प्रणाली और भारत लोकतंत्र की मिसाल पेश कर रहा है. लेकिन इस देश में 141 विपक्षी सांसदों को जिसे जनता ने चुनकर संसद में अपने संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा है उन्हें निलंबित कर देना गलत है। सांसदों के इस निलंबन के पीछे केंद्र की मोदी सरकार की बड़ी साजिश छिपी हुई है।

सांसदों को निलंबित कर संसद को चलाया गया और जन विरोधी कानून को पास करवाया गया। ठाकुर ने कहा कि हमारी पार्टी सांसदों के निलंबन के खिलाफ सड़क पर है और सड़क पर रहेगी।

बैठक में उपस्थित पार्टी के जिला सचिव भागीरथ शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार संसद पर गैर कानूनी तरीके से कब्जा कर सकती है, लेकिन देश की सड़के हम वामपंथी दलों के लिए खुली है। हम अपना संघर्ष उन सड़कों पर करेंगे। सड़क को ही हम संसद बनाएंगे।

राज्य कमेटी सदस्य श्याम सुंदर महतो ने कहा कि आज देश में जहां खेती बद से बदतर होती जा रही है। किसानों की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। संसद में उनके सवालों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। यह एक चिंतन का विषय है।

पार्टी के गोमियां प्रखंड सचिव राकेश कुमार ने कहा कि हमारी पार्टी की पहचान हर जन मुद्दों को लेकर संसद से सड़क तक संघर्ष करने वाली पार्टी के रूप में रही है। मौके पर दर्शनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

 164 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *