श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभा यात्रा में इस बार 34 झांकियों का होगा दिग्दर्शन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर में आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जन्मोत्सव शोभा यात्रा के आयोजन का निर्णय लिया गया है, जिसकी तैयारी जोर -शोर से शुरू हो चुकी है।
शोभा यात्रा में 34 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।
सोनपुर प्रखंड के पहलेजा – हरिहर नाथ मंदिर निचली सड़क किनारे राहर दियारा चौक पर दुखहरणी माता मंदिर प्रांगण में 16 जुलाई को श्रीकृष्ण चेतना जागरण समिति की बैठक में उपरोक्त जानकारी दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए यात्रा संयोजक डॉ अवधेश कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष की यात्रा बहुत ही सुसज्जित और अनुशासित थी, जिससे समाज एवं प्रशासन के बीच टीम के प्रति बहुत अच्छा संदेश गया। कहा कि इस बार यात्रा और सुसज्जित एवं व्यवस्थित होगी। तैयारी जोर – शोर से शुरू हो चुकी है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव ने कहा कि इस वर्ष शोभा यात्रा आगामी 16 अगस्त को भव्य रूप से निकाली जाएगी। यात्रा के सचिव वैभव कुमार सिंह ने कहा कि यात्रा में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी के लिए गांव -गांव जाकर सूचना एवं आमंत्रण का कार्य किया जा रहा है। कोषाध्यक्ष अजित कुमार ने कहा कि विगत वर्ष पहली शोभा यात्रा में आर्थिक परेशानी आई थी, लेकिन इस बार तन मन और धन से जन सहयोग जारी है। किसी प्रकार की परेशानी इस बार नहीं होगी।

शोभायात्रा के मीडिया प्रभारी सह नमस्ते बिहार के सतीश कुमार ने कहा कि इस बार यात्रा की विस्तृत जानकारी के लिए जगह – जगह बैनर लगाने का काम शुरू हो चुका है। प्रचार प्रसार हैंडबिल और सोशल मीडिया से भी जारी है। आमोद गोप ने समापन स्थल की जिम्मेवारी संभाली है और तैयारी लगभग पूर्ण भी कर ली है। विद्यार्थी परिषद के यशवंत कुमार ने कहा कि इस बार उक्त कार्यक्रम के लिए सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों को अपनी झांकी प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
राकेश कुमार ने जानकारी देते कहा कि इस बार यात्रा की शुरुआत और समापन स्थल एक ही जगह होगी। कहा कि इस बार यात्रा राहर दियरा चौक से शुरू होकर हरिहरनाथ, गजग्राह चौक, रजिस्ट्री बाजार, स्टेशन गेट, गोला बाजार, लालू यादव चौक, महारानी चौक भरपुरा, शिव मंदिर शाहपुर, नेहलनाथ मंदिर जैतीया होते राहर दियारा चौक कृष्ण मंदिर पहुंचेंगी।
श्रीकृष्ण भक्त राजीव कुमार ने कहा कि इस बार भी इस शोभायात्रा के बैनर पर मुख्य रूप से ये लिखने के लिए प्रस्ताव दिया गया कि यात्रा में नशा का कोई स्थान नही है। रूपेश कुमार ने कहा कि झांकी में शामिल होने के लिए 10 वर्ष से ऊपर के बच्चों और युवाओं को जोड़ने पर बल दिया गया, क्योंकि कलाकार के रूप में लगभग 100 की संख्या में बच्चों व् युवकों की जरूरत पड़ेगी। निलेश कुमार ने कहा कि शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए बच्चें एवं युवक अपने आस – पास के यात्रा समिति के सदस्यों से आधार के साथ संपर्क करेंगे।
समाजसेवी ओम कुमार सिंह ने पिछली यात्रा को सोनपुर का गौरवपूर्ण इतिहास से जोड़ते हुए कहा कि यह शोभा यात्रा सोनपुर के इतिहास एवं वर्तमान में चार चांद लगा रहा है। कहा कि हरिहरनाथ की पावन भूमि जो एक धार्मिक नगरी है। उस नगरी के लिए यह यात्रा अति शोभनीय और गौरव की बात है। इसमें समस्त सोनपुरवासियों को बढ़ – चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। बैठक में सुजय कुमार, अश्विन कुमार, अरुण कुमार, गौरव कुमार आदि दर्जनों समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply