Advertisement

सदर अस्पताल का नशा विमुक्ति केंद्र बना कैदियों के अय्यासी का अड्डा

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बीते दिनों रात्रि में किसी ने पुलिस पदाधिकारी को सूचना दी कि सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड का एक कैदी बाहर से कॉल गर्ल बुलाकर अस्पताल में शराब की पार्टी और ऐयासी करता है।

इस सूचना के आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने नगर थाना पुलिस बल के साथ वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में स्थित सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में छापा मारा। जांच में सूचना सत्य पाया गया। कैदी वार्ड से कैदी गायब था।

जानकारी के अनुसार सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कैदी वार्ड में तैनात पुलिसकर्मियों से कड़ाई से पूछ ताछ किया तो पता चला कि कैदी नशा विमुक्ति केन्द्र में है। जब पुलिस पदाधिकारी नशा विमुक्ति केंद्र पहुंचे तो कैदी को नशा विमुक्ति केंद्र के एसी कमरे में शराब के नशे में एक लड़की के साथ ऐयासी करते हुए पाया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कार्यवाही करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया। साथ ही अस्पताल के वार्ड ब्याय और कैदी वार्ड में तैनात चार पुलिसकर्मियों को भी हिरासत में लेकर पुलिस पदाधिकारियों द्वारा पूछ ताछ की जा रही है।

जिले के आरक्षी अधीक्षक मनीष कुमार द्वारा भी सदर अस्पताल पहुँचकर घटना की जांच पड़ताल की गई। बताया जाता है कि हाजीपुर जेल में बंद दबंग कैदी और पैसे वाले कैदी जेल डॉक्टर की सिफारिश पर इलाज के लिये सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में आते हैं। पैसे और पैरवी के बल पर अस्पताल कर्मी औऱ पुलिस सुरक्षा कर्मी को मेल में लाकर ऐश मौज करते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *