Advertisement

कार्यालय कक्ष में डीडीसी ने सभी बीडीओ व् प्रखंड प्रमुखों के साथ की समीक्षा बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 23 जुलाई को बोकारो के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने सभी बीडीओ एवं प्रखंड प्रमुखों के साथ संयुक्त बैठक की।

जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में 15वें वित्त आयोग की योजनाओं के तहत राशि खर्च की प्रगति तथा मनरेगा एवं आवास योजनाओं की स्थिति की क्रमवार समीक्षा की गयी।
बैठक में डीडीसी मजूमदार ने कहा कि कई प्रखंडों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक है, जिसे अविलंब सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर से इसकी सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।

उन्होंने 15वें वित्त आयोग की राशि खर्च में तेजी लाने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और प्रखंड प्रमुख के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी बात को लेकर अगर आपसी मतभेद है, तो उसे पीछे छोड़ विकास के लिए एकजुट होकर तेजी से काम करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए बीडीओ और प्रखंड प्रमुखों के बीच नियमित समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

डीडीसी ने कहा कि मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन में लक्ष्य अनुरूप प्रगति जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से प्रारंभ और पूर्ण की जाएं, ताकि मजदूरों को रोजगार मिले और आंकड़ों में सुधार हो। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) एवं अबुआ आवास (एएवाई) के तहत लंबित तथा अपूर्ण आवासों की भी समीक्षा की गई।

डीडीसी ने  निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों की सूची तैयार कर त्वरित रूप से कार्य पूर्ण कराएं। प्रखंड समन्वयक सह रोजगार सेवक को इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लेबल मॉनिटरिंग (एनएलएम) की टीम का जिला दौरा संभावित है। उन्होंने सभी प्रखंडों को कागजी एवं भौतिक प्रगति को अद्यतन रखने तथा फील्ड स्तर की तैयारियों को पुख्ता करने का निर्देश दिया। मौके पर बोकारो जिला के सभी प्रखंडो के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व् कर्मी उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *