Advertisement

जनता दरबार में डीडीसी ने की 41 मामलों की सुनवाई

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक उत्तरदायित्व के तहत 22 जुलाई को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने 41 से अधिक मामलों पर सुनवाई की।

मौके पर जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, सामाजिक पेंशन, आवास योजना, बीएसएल, शिक्षा, आपूर्ति, स्वास्थ्य, राजस्व आदि विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं। डीडीसी ने कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन किया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में विशेष रूप से रेलवे कॉलोनी चास के रहने वाले दुर्घटनाग्रस्त युवक कृष्णकांत महतो की स्थिति पर मानवीय पहल की गई। उनके मित्रों ने बताया कि कृष्णकांत चलने-फिरने में असमर्थ हैं। डीडीसी ने खुद नीचे जाकर उनसे मुलाकात की और मौके से ही सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डीडीसी ने कहा कि जनता दरबार सिर्फ सुनवाई का मंच नहीं, समाधान का माध्यम है। प्रशासन हर जरूरतमंद के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर डीपीएलआर निदेशक मेनका, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *