Advertisement

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मतगणना को लेकर भवनों का डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण

वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की चर्चा,दिया जरूरी निर्देश

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। आने वाले माह में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन (District Administration) ने कवायद शुरू कर दी है।

इसे लेकर 9 सितंबर को बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक चंदन झा समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने निर्वाचन के बाद वज्रगृह एवं मतगणना को लेकर विभिन्न भवनों का निरीक्षण किया।

मौके पर उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, चास के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, डीएसपी कुलदीप कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी राज शेखर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार आदि उपस्थित थे।

उपायुक्त समेत अन्य पदाधिकारियों ने क्रमवार बोकारो शहर के सेक्टर 12 ए स्थित बोकारो इस्पात विद्यालय, सेक्टर टू डी स्थित बोकारो इस्पात प्लस टू हाई स्कूल, सेक्टर 8 बी स्थित बोकारो इस्पात सिनियर सेकेंडरी स्कूल एवं 11 डी स्थित बोकारो इस्पात स्कूल का निरीक्षण किया।

पदाधिकारियों ने विद्यालय भवन के विभिन्न कमरों का जायजा लिया। जिसमें कमरों के मैपिंग के अनुसार चिन्हित स्ट्रांग रूम (वज्र गृह) में कितने बक्से रखे जाएंगे, मतगणना के लिए चिन्हित स्थल/हाल में कितने मतगणना टेबल लगेंगे, प्रखंड वार मतदान बूथों की संख्या आदि की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।

यहां उपायुक्त चौधरी ने वज्र गृह एवं मतगणना केंद्र में बैलेट बाक्स प्राप्त करने के लिए काउंटर, वाहनों के प्रवेश/पार्किंग/ मतदान कर्मियों के बैठने, विभिन्न प्रपत्रों को भरने आदि के लिए स्थल चिन्हित किया। उन्होंने कई कमरों में छोटे-मोटे मरम्मत कार्य को लेकर उपस्थित कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक चंदन झा समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालय भवनों में बनने वाले वज्र गृह एवं मतगणना केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मौके पर उपस्थित डीपीआरओ राज शेखर ने बताया कि सेक्टर 12 बी स्थित बोकारो इस्पात विद्यालय में कसमार, जरीडीह एवं बेरमो प्रखंड का, सेक्टर टू डी स्थित बोकारो इस्पात प्लस टू हाई स्कूल में गोमियां एवं पेटरवार प्रखंड का,आदि।

सेक्टर 8 बी स्थित बोकारो इस्पात सिनियर सेकेंडरी स्कूल में चास एवं चंदनकियारी प्रखंड का एवं 11 डी स्थित बोकारो इस्पात स्कूल में नावाडीह एवं चंद्रपुरा प्रखंड का वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र प्रस्तावित किया गया है। मौके पर संबंधित विद्यालयों के प्रचार्य टी. पी. घोष, डी. पी. विश्वास, चित्तरंजन सिंह, एस. पी. सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *